खरगोन- प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 36 मप्र बटालियन खंडवा द्वारा जूनापानी खंडवा में सीएटीसी कैंप का आयोजन किया गया। कैंप एनसीसी कैडेट्स में नेतृत्व की क्षमता विकसित करने, अनुशासन में रहने एवम एनसीसी की बारीकियों को समझने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। कैंप में पीजी कॉलेज खरगोन के एनसीसी कैडेट्स के द्वारा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर 18 गोल्ड मेडल प्राप्त किए गए। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ आरएस देवड़ा ने बताया कि कैंप खंडवा में आयोजित किया गया था। इस कैंप में महाविद्यालय के 17 एनसीसी कैडेट शामिल हुए थे। कैंप में सार्जेंट मनीष परमार ने कैंप सीनियर कैटेगरी में, कैडेट विजय पंचोली ने ड्रिल टेस्ट में, कैडेट सोहन बामनिया, मनीष वास्कले, पन्नालाल पवार, दीपक मसारे, प्रेम सिंह डावर, पवन वास्कले, जगसिंह आवासे ने स्कॉट ड्रिल में, कैडेट राहुल वर्मा श्याम नायक, मनीष वास्कले, प्रेम सिंह बडोले ने टेंट पिचिंग में गोल्ड मेडल प्राप्त किया। महाविद्यालय के कैडेट ने कैंप में सर्वाधिक 18 गोल्ड मेडल प्राप्त कर यूनिट का नाम गौरान्वित किया।

एनसीसी केयरटेकर प्रो गिरीश शिव ने बताया कि इसी कैंप में महाविद्यालय के कैडेट आदित्य पंचोली का चयन थल सेना कैंप रायपुर के लिए भी हुआ है जो कि गर्व की बात है। कैंप में करीब 500 कैडेट्स में से महाविद्यालय के कैडेडस ने उपलब्धि प्राप्त की। इस अवसर पर संस्था के जनभागीदारी समिति अध्यक्ष दीपक कानूनगो ने हर्ष व्यक्त कर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की। कैंप के सफल संचालन के लिए कर्नल संदीपन भट्टाचार्य, सूबेदार मेजर भगवान सिंह, सूबेदार वाल्मीकि तथा अन्य पीआई स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रो शैल जोशी, प्रो एमएम केसरे, प्रो ओएस मेहता तथा संपूर्ण महाविद्यालय परिवार ने एनसीसी कैडेट की उपलब्धि पर उनके उज्जवल भविष्य की कामना कर शुभकामनाएं प्रेषित की। एनसीसी कैडेट्स ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता एवं महाविद्यालय के प्राचार्य को दिया।

