एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 में 40 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव

 


34 हजार से अधिक रोजगार सृजित होंगे
स्पेन की सबमर गु्रप भोपाल में बनाएगी करीब 20 हजार करोड़ का एआई-रेडी डेटा सेंटर
मुख्यमंत्री बोले- मध्यप्रदेश भविष्य की तकनीकों का नया निवेश केंद्र बन रहा है
अनोखा तीर, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल में आयोजित एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 का शुभारंभ करते हुए कहा कि इस कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रदेश को लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 34 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अब केवल कृषि, खनिज और वन संपदा तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, डिफेंस, ड्रोन और डिजिटल टेक्नोलॉजी जैसे भविष्य के क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव से प्रदेश को 46 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। वहीं ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 के बाद तकनीकी क्षेत्र में 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है। इस दौरान 22 नई औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण और चार परियोजनाओं का भूमिपूजन भी किया गया।
स्पेन की कंपनी लगाएगी 20 हजार करोड़ का डेटा सेंटर
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्पेन की सबमर ग्रुप भोपाल में करीब 20 हजार करोड़ रुपये (2 बिलियन अमेरिकी डॉलर) के निवेश से अत्याधुनिक एआई-रेडी डेटा सेंटर स्थापित करेगी। इस परियोजना से लगभग 5 हजार प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, दक्षिण कोरिया, आयरलैंड और जर्मनी सहित आठ देशों की दस प्रमुख कंपनियों की 28,200 करोड़ रुपये से अधिक की निवेश परियोजनाएं प्रदेश में धरातल पर उतर चुकी हैं।
भोपाल, इंदौर और ग्वालियर को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इंदौर के सुपर कॉरिडोर में विश्वस्तरीय आईटी पार्क विकसित किया जाएगा। भोपाल आईटी पार्क में नया आईटी टॉवर और कोलार क्षेत्र में प्लग-एंड-प्ले सुविधाओं वाला नया आईटी पार्क बनाया जाएगा। वहीं ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग हब स्थापित किया जाएगा। साथ ही प्रदेश में सेमीकंडक्टर, एआई और एवीजीसी-एक्सआर (एनीमेशन, गेमिंग एवं विजुअल इफेक्ट्स) के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी स्थापित किए जाएंगे।
20 नई इकाइयों का लोकार्पण, 8 कंपनियों को भूमि आवंटन
कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री ने 178.70 करोड़ रुपये के निवेश वाली 20 नई औद्योगिक एवं प्रौद्योगिकी इकाइयों का लोकार्पण किया, जिनसे 1,229 रोजगार सृजित होंगे। वहीं 203.58 करोड़ रुपये के निवेश वाली परियोजनाओं के लिए 8 कंपनियों को भूमि आवंटन के आशय-पत्र भी सौंपे गए, जिससे 1,242 नए रोजगार मिलेंगे।
गूगल प्ले से एमओयू, पीसीबी परियोजना को मंजूरी
कार्यक्रम में गूगल प्ले के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल क्षमता विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण एमओयू किया गया। वहीं भोपाल में 422 करोड़ रुपये की पीसीबी (प्रिंटेड सर्किट बोर्ड) निर्माण परियोजना को स्वीकृति दी गई, जिससे 314 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे।  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को उद्योग-अनुकूल वातावरण, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 मध्यप्रदेश को देश के प्रमुख तकनीकी और औद्योगिक निवेश केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाएगा।

2 Views

Leave a Reply