Skip to content
Sunday, 29 November 2026
भोपाल

चीतों को बसाने का अभियान नहीं, संरक्षण का ‘स्टार्टअप बना प्रोजेक्ट चीता

2 min read
19 8

-सात चरणों में विकसित हो रहा नया मॉडल
-वन प्रबंधकों को प्रशासक नहीं, संरक्षण उद्यमी बनने का संदेश

गणेश पांडे, भोपाल। प्रोजेक्ट चीता अब केवल विलुप्त हो चुके चीतों को भारत की धरती पर वापस बसाने का अभियान नहीं, बल्कि संरक्षण की नई कार्यशैली गढ़ने वाला प्रयोग बन रहा है। इसे पारंपरिक सरकारी परियोजना के बजाय वन्यजीव संरक्षण के ‘स्टार्टअपÓ की तरह संचालित करने की सोच सामने आई है। इसमें लक्ष्य केवल चीतों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि संस्थागत क्षमता, संसाधन, वैज्ञानिक प्रबंधन और दीर्घकालिक पारिस्थितिक स्थिरता का ऐसा मॉडल तैयार करना है, जो आने वाली पीढ़ियों तक टिक सके। परियोजना के प्रबंधन अनुभव को साझा करते हुए उत्तम शर्मा एपीसीसीएफ सिंह परियोजना एवं चीता प्रोजेक्ट विशेषज्ञ ने एक्स पर पोस्ट करते हुए इसे अपने पारंपरिक नौकरशाही अनुभव से बिल्कुल अलग बताया। उनके मुताबिक, प्रोजेक्ट चीता में एक स्टार्टअप की छह प्रमुख विशेषताएं हैं—बड़ा विजन, शून्य से निर्माण, अनिश्चितता, ऊंची अपेक्षाएं, असफलता की सीमित गुंजाइश और लगातार विकास। इस सफर को सात चरणों में देखा जा सकता है। विचार और विजन, बुनियादी ढांचे का निर्माण, टीम गठन, अभियान की शुरुआत, प्रयोग और बदलाव, विस्तार तथा सफलता को संस्थागत स्वरूप देना।
बड़ा सोचो, छोटी शुरुआत करो
इस मॉडल का मूल मंत्र है-बड़ा सोचो, छोटी शुरुआत करो और तेजी से विस्तार करो। लेकिन विस्तार से पहले व्यवस्था तैयार करना, प्रयोग से सीखना, परिस्थितियों के अनुसार बदलाव करना और जिम्मेदारी के साथ गति बनाए रखना इसकी प्राथमिकताएं हैं। सरकार, दाता देशों, वैज्ञानिक संस्थानों, स्थानीय समुदायों, मीडिया, जनता और संरक्षण संगठनों के बीच अपेक्षाओं का संतुलन बनाना भी प्रबंधन की बड़ी चुनौती है। सामान्य कारोबारी स्टार्टअप जहां आर्थिक लाभ तलाशते हैं, वहीं वन्यजीव संरक्षण का यह मॉडल पारिस्थितिक लाभ को केंद्र में रखता है। यहां उत्पाद विकास की जगह आबादी और पारिस्थितिकी तंत्र का पुनरुद्धार, बाजार विस्तार की जगह प्राकृतिक परिदृश्य का विस्तार और मुनाफे की जगह पर्यावरणीय स्थिरता लक्ष्य है। यहां एक चूक किसी वन्यजीव, आबादी या संरक्षण के वर्षों के अवसर को गंवा सकती है। इस अनुभव का संदेश वन्यजीव प्रबंधकों के लिए भी स्पष्ट है—अब केवल प्रशासक बने रहने से आगे बढ़कर (संरक्षण उद्यमकर्ता) बनने की जरूरत है। ऐसा प्रबंधक जो समस्याओं का समाधान करे, नए प्रयोग करे, संसाधन जुटाए, संस्थाएं विकसित करे और संरक्षण के मापनीय परिणाम दे। प्रोजेक्ट चीता की असली सफलता चीतों की संख्या से नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर आबादी, सक्षम संस्थान और पीढ़ियों तक टिकने वाले संरक्षण मॉडल से मापी जाएगी।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply