Skip to content
Tuesday, 17 November 2026
मध्य प्रदेश

राज-काज

6 min read
Text Size:

दिनेश निगम ‘त्यागी
कांग्रेस की नई पीढ़ी में भी वर्चस्व को लेकर छिड़ी जंग….!
– दो साल बाद होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस में एक बार फिर नेतृत्व को लेकर घमासान के आसार हैं। अब तक कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, अजय सिंह, ज्योतरादित्य सिंधिया और सुरेश पचौरी के बीच नेतृत्व को लेकर प्रतिस्पर्द्धा होती थी। इनके स्थान पर अब नई पीढ़ी मैदान संभाल रही है। अब तक छिंदवाड़ा तक अपनी राजनीति सीमित रखने वाले कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ ने भोपाल में दीपावली मिलन समारोह के जरिए बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया है। इसमें प्रदेश भर के कमलनाथ समर्थक शामिल हुए। इस दौरान लगे पोस्टर और नारे गौर करने लायक हैं। पोस्टरों में लिखा गया ‘मप्र की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी हैंÓ जबकि समर्थक ‘प्रदेश का सीएम कैसा हो, नकुल भैया जैसा होÓ जैसे नारे लगा रहे थे। साफ है कि प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर संघर्ष छिंड़ चुका है। कांग्रेस आलाकमान ने जीतू पटवारी और उमंग सिंघार को प्रदेश का नेतृत्व सौंप कर युवा नेतृत्व को आगे लाने की शुरुआत पहले ही कर दी थी। दिग्विजय उज्जैन से अयोध्या तक लगभग एक हजार किमी लंबी ‘सत्य सनातन स्वाभिमान पद यात्राÓ निकाल रहे हैं। उद्देश्य साफ है बेटे जयवर्धन को स्थापित करना। कमलनाथ का आशीर्वाद लेकर अब नकुलनाथ भी मोर्चे पर डट गए हैं। अर्थात कांग्रेस की नई पीढ़ी में भी वर्चस्व को लेकर जंग छिड़ गई है।
दिग्विजय के ‘मास्टर स्ट्रोकÓ से ‘चारों खाने चितÓ जीतू….
– कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को ऐसे ही पार्टी में चाणक्य की संज्ञा नहीं दी जाती। उनके बयान भले विवादों में रहें लेकिन वे बोलते नाप-तौल कर हैं। उज्जैन से अयोध्या तक की उनकी पद यात्रा को बेटे जयवर्धन को राजनीति में स्थापित करने के कदम के तौर पर देखा जा रहा था। पार्टी के अन्य बड़े नेता इससे दूरी बना कर चल रहे थे। अचानक दिग्विजय ने ऐसा ‘मास्टर स्ट्रोकÓ चला कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी चारों खाने चित होकर शरणागत हो गए। दीपावली के ब्रेक के बाद यात्रा शुरू करते हुए दिग्विजय ने ऐलान कर दिया कि विधानसभा का अगला चुनाव पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। बस क्या था, पटवारी अगले ही दिन दिग्विजय की यात्रा में शामिल होने गुना पहुंच गए। यहां पटवारी ने खुद को न सिर्फ दिग्विजय का बेटा कहा बल्कि उनकी राजनीतिक विरासत को अपना और पैसा जयवर्धन सिंह का बताया। उन्होंने कहा कि दिग्विजय जैसा सात्विक इंसान मैंने अपनी जिन्दगी में नहीं देखा। मेरे अंदर गेहूं बराबर भी गुण है तो केवल दिग्विजय की देन है। उनके चरणों में अपना सिर रखता हूं। इससे पहले दिग्विजय की पटवारी से कई मुद्दों पर मतभेद की खबरें सार्वजनिक रही हैं। सिंघार की भी उनके साथ कभी पटरी नहीं बैठी। अब दिग्विजय के एक स्ट्रोक से सब नतमस्तक हैं।
तीन साल के ‘रिपोर्ट कार्डÓ पर मिलेगी मंत्रियों को ग्रेडिंग….!
राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल कब होगा और होगा भी या नहीं, किसी को नहीं मालूम। हालांकि इसे लेकर चर्चा उसी तरह चलती रहती है, जैसे मंत्रियों की ‘परफारमेंस रिपोर्टÓ तैयार होने की। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव संगठन के साथ मिल कर दिसंबर में जो समीक्षा करने वाले हैं, इसमें फिर मंत्रियों का ‘परफारमेंस टेस्टÓ होने की चर्चा है। खबर है कि इस समीक्षा के बाद जो रिपोर्ट कार्ड तैयार होगा, उसके आधार मंत्रियों को ग्रेडिंग मिलेगी। इस ग्रेडिंग के आधार पर ही मंत्रियों का परफारमेंस तय होगा। जिसकी छाया मंत्रिमंडल के फेरबदल में दिखाई दे सकती है। अच्छे परफारमेंस वाले मंत्रियों का प्रमोशन होगा और शेष का डिमोशन। इसमें से कुछ की छुट्टी भी हो सकती है। मंत्रिमंडल में इनके स्थान पर प्रतीक्षारत नए एवं वरिष्ठों को स्थान दिया जा सकता है। मंत्रियों और उनके विभागों की परफारमेंस रिपोर्ट मुख्य सचिव द्वारा भी तैयार किए जाने की जानकारी मिली है। समीक्षा के दौरान इस पर चर्चा हो सकती है और तैयार गोपनीय रिपोर्ट से उसका मिलान हो सकता है। रिपोर्ट में खास कर मंत्रियों के तीन साल के काम-काज का लेखा-जोखा होगा। इसमें विभागों में उनकी पकड़, योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रभार के जिलों में सक्रियता, संगठन के साथ तालमेल और नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ उनका व्यवहार शामिल होगा।
खुद घिरे ही, भाजपा को भी असहज कर बैठे ये माननीय….
अपने विवादित बयानों से हमेशा सुर्खियों में रहने वाले रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा इस बार खुद तो घिरे ही, अपनी पार्टी को भी असहज कर बैठे। किसान लंबे समय से भाजपा के कोर एजेंडे में हैं और माननीय ने उन पर ही हमला बोल दिया। हमला भी ऐसा कि सभी किसान संगठन आगबबूला होकर सड़क पर उतर आए। कांग्रेस को भी बैठे ठाले मुद्दा मिल गया। सांसद मिश्रा ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कह दिया कि किसान साल में केवल तीन महीने ही मेहनत करते हैं, जबकि बाकी के नौ महीने ताश खेलने, राजश्री खाने, शराब की बोतलों और चिलम में अपना समय बिताते हैं। हो सकता है कुछ किसान ऐसा करते हों लेकिन सांसद ने सभी को एक तराजू में तौल कर आफत मोल ले ली। किसान संगठन और कांग्रेस जगह-जगह आंदोलन कर सांसद और भाजपा के पुतले जलाने लगे। बवाल बढ़ता देख भाजपा नेतृत्व को मोर्चा संभालना पड़ा। उसने सांसद का एक अन्य वीडियो जारी किया, जिसमें वे अपने बयान के लिए माफी मांगते नजर आए। इस विवाद की आग ठंडी नहीं पड़ी थी कि सांसद का एक अन्य वीडियो वायरल हो गया। इसमें वे कहते नजर आए कि हर परिवार में कोई न कोई नशा करता है। पिता, पुत्र के साथ लड़कियां भी नशा करती हैं। इस बयान के बाद भी सांसद और भाजपा की खासी छीछालेदर हुई।
पहले माननीय को पागल कहा, फिर कर डाला गुणगान….!
शिवपुरी जिले से पिछोर सीट से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी की गिनती दबंग नेताओं में होती है। अपने विवादित बयानों के जरिए वे हमेशा चर्चा में रहते हैं। इसके लिए कई बार उन्हें नेतृत्व द्वारा समझाइश दी जा चुकी है। पहली बार उनकी जिस तरह तारीफ हुई, इसकी किसी ने कल्पना नहीं की होगी। पहली नजर में ऐसा लगा कि पागल कह कर उनकी आलोचना की जा रही है लेकिन सच इसके उलट था। सार्वजनिक मंच से किसी विधायक को पागल कह दिया जाए तो समर्थकों का चौंकना लाजिमी है। ऐसा ही नजारा पिछोर में भाजपा की जिला स्तरीय बैठक के दौरान देखने को मिला। भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने भरे मंच से विधायक प्रीतम को पागल कह दिया। अचानक निकले इन शब्दों को सुनकर वहां मौजूद कार्यकर्ता कुछ पल के लिए सन्न रह गए। जिलाध्यक्ष ने अपने बयान की अगली ही पंक्ति में पागलपन का अर्थ भी समझा दिया। उनका कहना था कि प्रीतम लोधी पिछोर के विकास, तरक्की, कार्यकर्ताओं के सम्मान और पिछोर को जिला बनाने के जुनून में पागल हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि विकास और खुशहाली के लिए ऐसा पागलपन है तो वे इसे स्वीकार करते हैं। साथ ही विधायक को एमपी का कोहिनूर भी बता दिया। पहले पागल और इसके बाद ऐसा गुणगान किसी ने नहीं सुना होगा।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply