Skip to content
Saturday, 7 November 2026
मध्य प्रदेश

अनोखी मिसाल :

2 min read
30 1
Text Size:

-भैंस के बच्चे ‘यामा का केक काटकर मनाया जन्मदिन

अनोखा तीर, सेमरी हरचंद। आज के दौर में जहां इंसान और इंसान के बीच रिश्तों में संवेदनाओं की कमी महसूस होती है, वहीं एक प्रकृति प्रेमी ने बेजुबान जीव के प्रति प्रेम और अपनत्व की अनूठी मिसाल पेश की है। स्टेशन रोड स्थित भुवनेश्वरी मंदिर में भैंस के बच्चे ‘यामाÓ का जन्मदिन बड़े स्नेह और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अनोखे आयोजन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। सर्पमित्र और प्रकृति प्रेमी अतुल शर्मा ने करीब तीन वर्ष पहले भैंस के एक बच्चे को पाला था। उन्होंने उसका नाम यामा रखा और तभी से उसकी देखभाल परिवार के सदस्य की तरह करते आ रहे हैं। यामा को उन्होंने केवल एक पशु नहीं, बल्कि अपने परिवार का हिस्सा बनाया है। उसकी देखभाल से लेकर उसकी जरूरतों तक का पूरा ध्यान रखा जाता है। शर्मा के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं। तीनों यामा को अपने घर के सदस्य और भाई की तरह प्यार करती हैं। परिवार का यह लगाव इतना गहरा है कि वे हर वर्ष यामा का जन्मदिन भी मनाते हैं। इस बार भी जन्मदिन के अवसर पर उपस्थित लोगों को फल, नाश्ता और मिठाई खिलाकर खुशियां साझा की गईं।
यामा हमारे लिए प्रकृति की अनमोल खुशी है
शर्मा का कहना है कि यामा उनके परिवार के लिए प्रकृति की ओर से मिली एक अनमोल खुशी है। उसके आने से परिवार में एक अलग ही अपनापन और प्रसन्नता है। उन्होंने इस खुशी के लिए देवी मां के प्रति आभार व्यक्त किया। यामा का जन्मदिन मनाने की यह पहल भले ही कुछ लोगों को अनोखी लगे, लेकिन इसके पीछे छिपा जीवों के प्रति प्रेम, करुणा और संवेदनशीलता का भाव समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश देता है। बेजुबान जीव भी स्नेह और देखभाल के हकदार हैं। शर्मा और उनके परिवार ने अपने व्यवहार से साबित किया है कि प्रेम की कोई भाषा या सीमा नहीं होती, वह इंसान और बेजुबान जीव के बीच भी उतना ही गहरा रिश्ता बना सकता है। अतुल शर्मा को सांपों का रेस्क्यू करने का भी लंबा अनुभव है जिन्होंने कई सांपों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित छोड़ा है। इन्होंने कई बेजुबानों की जान भी बचाई है।

7 Views
What do you think?

Leave a Reply