Skip to content
Tuesday, 17 November 2026
हरदा

मध्य प्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति ने किया समाजसेवियों का अभिनंदन

3 min read
15 5
Text Size:

-गरिमामयी ढंग से संपन्न हुआ दीपावली सम्मान समारोह

अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति हरदा जिला इकाई का पारंपरिक दीपावली प्रणाम कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन स्थानीय किसान भवन में किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ समाज सेवा, शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। समारोह में हरदा के गांधी महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रो. महेश दत्त मिश्र की स्मृति में नगर के समर्पित समाजसेवी नारायणदास मूंदड़ा को चन्दगोपाल जनकदुलारी मिश्र ट्रस्ट ने निस्वार्थ मानव सेवा के लिए सम्मानित किया। संघर्ष, सेवा की प्रतिमूर्ति डॉ. छोगालाल झवर स्मृति सम्मान से सुप्रसिद्ध शिक्षाविद दिनेश स्वरूप कपूर (राजाबरारी) को अलंकृत किया गया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए अंजू भायरे तथा रमन क्षेत्रीय संसाधन केंद्र के समन्वयक उमेश शर्मा को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि, वरिष्ठ समाजसेवी एवं जिला योग आयोग समिति के अध्यक्ष ओम नारायण शुक्ला ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि निस्वार्थ भाव से की गई मानव सेवा और अपनी मातृभाषा से जुड़ाव ही एक स्वस्थ, संस्कारवान और सशक्त समाज की असली नींव है। सम्मानित विभूतियों का जीवन नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं शिक्षाविद एवं समाजसेवी डॉ. अभिलाषा सिंहल ने सम्मानित विभूतियों के कार्यों की भूरि-भूरि सराहना करते हुए कहा कि दिनेश स्वरूप कपूर द्वारा जनजाति समाज के शैक्षणिक और सामाजिक उत्थान के लिए किए गए कार्य अत्यंत अनुकरणीय हैं। समारोह के विशेष अतिथि प्रोफेसर डॉ. अरुण सिकरवार ने हरदा के गांधी प्रोफेसर महेश दत्त मिश्र के प्रेरक व्यक्तित्व, स्वतंत्रता संग्राम में उनके त्याग और गांधीवादी आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मूंदड़ा ने बिना किसी प्रचार या स्वार्थ के समाज के दुख-दर्द को बांटने का कार्य करते रहे हैं। आज जब यह सम्मान नगर के वयोवृद्ध और समर्पित समाजसेवी नारायण दास मूंदड़ा को प्रदान किया जा रहा है, तो यह ऐसा प्रतीत होता है कि एक विरासत दूसरे सच्चे मानव सेवक के हाथों में सुरक्षित है। प्रचार समिति के संयोजक ज्ञानेश चौबे ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से समिति हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ समाज में उत्कृष्ट कार्य कर रहे समाजसेवियों को मंच प्रदान कर उनका सम्मान करती है। इस अवसर पर चन्दगोपाल जनकदुलारी मिश्र ट्रस्ट द्वारा दो गरीब बच्चों के पालक को शिक्षा हेतु राशि के चेक प्रदान किए गए। समारोह का संचालन अंजू भायरे द्वारा किया गया। आभार व्यक्त करते हुए विक्रांत अग्रवाल ने सभी अतिथियों और नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा विश्वास दिलाया कि समिति द्वारा समाज को जोड़ने वाले इस तरह के प्रेरणादायी कार्यक्रम प्रतिवर्ष निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर समाजसेवी सुनील बागरे, डॉ. एल. एन. पाराशर, संतोष जपे, रेखा पटेल, कैलाश चतुर्वेदी, एस. बी. चौधरी, दिलिप मिश्रा, ओ. पी. राठौर, सुदीप मिश्रा, प्रेमप्रकाश झवर, धीरज मूंदड़ा, अनूप जैन, प्रदीप अजमेरा, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मीरा शर्मा, उमेश चौहान सहित हरदा के अनेक गणमान्य नागरिक, साहित्य प्रेमी, समाजसेवी एवं शिक्षाविद बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply