-छात्र को लगी चोट के बाद परिजनों ने स्कूल में घुसकर की हाथापाई
-महिला शिक्षिकाओं से अभद्रता का भी आरोप
अनोखा तीर, हरदा। शहर के सनफ्लॉवर हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार दोपहर छात्र के पिता और बड़े भाई ने स्कूल परिसर में घुसकर स्पोर्ट्स टीचर को थप्पड़ मार दिया। शिक्षकों के साथ झूमाझटकी और महिला शिक्षिकाओं से अभद्र व्यवहार करने के भी आरोप लगे हैं। मारपीट की पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना से नाराज स्कूल का पूरा स्टाफ सिटी कोतवाली थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्कूल की प्रिंसिपल भुवनेश्वरी पांडे ने बताया कि सोमवार को आठवीं क्लास में पढ़ने वाले एक छात्र को गिरने की वजह से चोट लग गई थी। इसके बाद छात्र ने अपने पिता यूनुस और बड़े भाई रईश को स्कूल बुला लिया और स्पोर्ट्स टीचर विवेक प्रजापति पर मारपीट कर चोट पहुंचाने का आरोप लगा दिया। इसी बात को लेकर स्कूल में बातचीत चल रही थी, तभी छात्र के पिता यूनुस और बड़े भाई रईश ने विवाद शुरू कर दिया और स्पोर्ट्स टीचर विवेक प्रजापति के साथ मारपीट करने लगे।
बीच-बचाव करने आए शिक्षकों से की झूमाझटकी
जब विवाद बढ़ता देख अन्य शिक्षक ऋषि स्वामी और शिक्षिका अचला गुहा बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी झूमाझटकी की। वहीं, शिक्षिका मनीषा जैन ने आरोप लगाया कि छात्र के पिता ने धमकी देते हुए कहा कि अगर उनके बेटे को कोई टीचर मारेगा तो वे भी उसे मारेंगे और स्कूल के बाहर देख लेंगे। दूसरी ओर, इस पूरे विवाद को लेकर छात्र और उसके परिजनों का पक्ष सामने नहीं आ सका है कि आखिर बातचीत के दौरान मामला मारपीट तक कैसे पहुंचा। घटना के बाद स्कूल के करीब 50 से ज्यादा शिक्षक-शिक्षिकाएं एकजुट होकर सिटी कोतवाली थाने पहुंचे और करीब एक घंटे तक वहां डटे रहकर अपना गुस्सा जताया। हालांकि, इस दौरान शाला विकास समिति का एक भी सदस्य थाने नहीं पहुंचा, जिसे लेकर भी चर्चा रही। सिटी कोतवाली थाना टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि स्पोर्ट्स टीचर विवेक प्रजापति की शिकायत पर आरोपी यूनुस और उसके बेटे रईश के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। पुलिस ने आरोपी पिता और छात्र को थाने ले आई है, जबकि मारपीट करने वाला बड़ा बेटा शहर से बाहर भाग गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।







