-चार आरोपियों को न्यायालय में किया पेश, दो जेल भेजे, दो पुलिस रिमांड पर
-अवैध शराब कारोबार से जुड़े मामले में पूछताछ के दौरान पुलिस ने टिमरनी से एक कार जब्त की
अनोखा तीर, खातेगांव। थाना प्रभारी दिलीप कुमार पुरी हत्याकांड के मामले में पुलिस ने सोमवार को चार आरोपियों करम सिंह, राहुल जायसवाल, मनीष जायसवाल एवं पाटेन्द्र जायसवाल को खातेगांव न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने इनमें से दो आरोपियों को जेल भेजने के आदेश दिए, जबकि दो आरोपियों को पुलिस पूछताछ के लिए रिमांड पर सौंपा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाटेन्द्र जायसवाल को 22 नवंबर तक तथा मनीष जायसवाल को 20 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस रिमांड के दौरान अवैध शराब कारोबार से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पूछताछ की गई। इसी जांच के क्रम में पुलिस ने टिमरनी से एक कार भी जब्त की है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े तथ्यों और अन्य कड़ियों की पड़ताल कर रही है।
आठ लोगों को बनाया गया था आरोपी
थाना प्रभारी दिलीप कुमार पुरी हत्याकांड एवं इससे जुड़े अवैध शराब कारोबार के मामले में पुलिस ने कुल आठ लोगों को आरोपी बनाया था। पुलिस ने जांच के दौरान विभिन्न स्थानों से आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें भूपेंद्र राणा (टिमरनी दुकान मैनेजर), विजय राव (मेडिएटर), संदीप बर्मन (सेल्समैन), राहुल जायसवाल एवं करम सिंह को जेल भेजा जा चुका है। वहीं मोहिन जायसवाल की मृत्यु हो चुकी है। अब तक की न्यायालयीन कार्रवाई में पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, एक आरोपी की मृत्यु हो चुकी है, जबकि शेष दो आरोपियों से पुलिस रिमांड पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस की जांच में अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों के बीच संपर्कों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। आने वाले दिनों में पूछताछ के दौरान इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।







