-पार्टी के बहाने घर से ले जाने का आरोप, पुरानी नदी में मिला था शव
-कलेक्टर और एसपी से की कार्रवाई की मांग
अनोखा तीर, देवास। जिले के उदयनगर तहसील के ग्राम पारस पीपली निवासी बाबूलाल जामले ने अपने पुत्र दीपक जामले की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। दीपक एसएफ पुलिस में सैनिक था और घटना के समय घर आया हुआ था। पिता ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर काना वास्केल, रणरजित रावत, राकेश डावर और रामसिंग जामले के संबंध में जांच करने तथा मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे दीपक के परिचित काना पिता बुदन वास्केल निवासी चंदुपुरा, रणरजित पिता भारत रावत निवासी पारस पीपली, राकेश पिता मंशराम डावर निवासी पुंजापुरा और रामसिंग पिता बाटिया जामले निवासी पारस पीपली उसे पार्टी के बहाने घर से अपने साथ ले गए थे। उसके बाद से घर नही लौटा। आवेदन में बताया गया कि संदेह होने पर बाबूलाल ने रामसिंग से पूछताछ की। उनके अनुसार, रामसिंग ने बताया कि उसे पार्टी से अलग कर दिया गया था और उसने बाद में तीनों युवकों की गतिविधियां देखी थीं। इसके बाद परिजन जोशी बाबा के जंगल में पार्टी वाले स्थान पर पहुंचे, जहां दीपक की चप्पल मिली। तलाश के दौरान पुरानी नदी में दीपक का शव पानी में तैरता मिला। बाबूलाल के अनुसार, उन्होंने 7 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे उदयनगर पुलिस को सूचना दी। उनका आरोप है कि पुलिस तत्काल घटनास्थल पर नहीं पहुंची। अगले दिन 8 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाबूलाल ने आवेदन में आरोप लगाया कि मामले में संदेह के आधार पर कुछ युवकों को पुलिस अपने साथ ले गई थी, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया। उन्होंने रणरजित के फरार होने की बात भी कही है। आवेदक ने पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बताते हुए कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी बागली और उदयनगर थाना प्रभारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित लोगों से पूछताछ करने तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।







