दिनेश निगम ‘त्यागी
-राजस्थान में कांग्रेस की जीत ने उड़ाई भाजपा की नींद….
– राजस्थान के पंचायत चुनाव नतीजों ने भाजपा की उस खुशी को काफूर कर दिया है, जो हाल ही में कुछ राज्यों में हुए एमएलसी चुनाव के बाद आई थी। कांग्रेस की पराजय पर भाजपा नेताओं ने जम कर तंज कसे थे। पंचायत चुनाव ग्रामीण मतदाताओं के रुझान का संकेत देते हैं। राजस्थान के इन चुनावों में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ दल भाजपा को कड़ी शिकस्त दी है। प्रदेश के दो तिहाई से ज्यादा जिला पंचायतों में कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर भाजपा को काफी पीछे छोड़ दिया है। इन नतीजों से पता चलता है कि कांग्रेस ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत हुई है जबकि भाजपा सरकार के प्रति लोगों में नाराजगी है। लिहाजा, इन नतीजों ने भाजपा नेतृत्व की नींद उड़ा रखी है। हार की वजह यूजीसी हो, वोट चोरी, जेन-जी का असर, राज्य सरकार के काम-काज के खिलाफ नाराजगी या कुछ और लेकिन कांग्रेस जीत के जश्न में डूबी है तो भाजपा आत्ममंथन की मुद्रा में। कांग्रेस में इस जीत की धमक राजस्थान से लेकर मप्र तक है। कांग्रेस का दावा है कि इस बार नीचे से ऊपर तक भाजपा का सूपड़ा साफ होने वाला है। भाजपा के अंदर बेचैनी इसलिए भी है क्योंकि इससे पहले वह मप्र में विजयपुर और दतिया विधानसभा उप चुनाव हार चुकी है। मप्र विधानसभा के चुनाव में दो साल का समय शेष है। भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रमुख दल अभी से चुनावी मोड में आ चुके हैं।
इंदौर प्रशासन की पाबंदियों को धता बता गए दिलजीत….
लोकप्रिय पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपने लाइव कॉन्सर्ट को लेकर सुर्खियों में हैं। इंदौर में आयोजित उनके शो से पहले स्थानीय प्रशासन ने शराब, नशे और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गानों की प्रस्तुति पर स्पष्ट रोक लगाई थी। इसके बावजूद मंच से उन प्रतिबंधित गीतों का गाया जाना इस बात का संकेत है कि दिलजीत प्रशासनिक निर्देशों की परवाह किए बिना अपनी शर्तों पर काम में विश्वास रखते हैं। ऐसा कर वे इंदौर प्रशासन की पाबंदियों को धता बता कर चले गए। उन्होंने राहत इंदौरी का एक शेर पढ़ कर प्रशासन को आंख भी दिखाई। पहली बार नहीं है जब दिलजीत किसी विवाद या दबाव के सामने झुके नहीं हैं। इससे पहले भी उन्हें विभिन्न संगठनों की ओर से धमकियां और विरोध झेलने पड़े थे, लेकिन उन्होंने अपने कार्यक्रमों के स्वरूप में कोई बदलाव नहीं किया। बड़ा सवाल है कि क्या दिलजीत विवादों के आदी हो चुके हैं? एक ओर उनके प्रशंसक इसे अभिव्यक्ति की आजादी के रूप में देखते हैं तो दूसरी ओर आलोचकों का मानना है कि सार्वजनिक मंचों पर कानून और स्थानीय प्रशासन के नियमों का सम्मान करना आवश्यक है। जब कोई कलाकार लाखों युवाओं का आदर्श होता है, तो उसकी सामाजिक जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। प्रशासनिक आदेशों की खुलेआम अनदेखी करना न केवल व्यवस्था को चुनौती देना है, बल्कि यह एक गलत उदाहरण भी है।
खत्म नहीं हो रहा निगम-मंडलों में नियुक्तियों का इंतजार….
भाजपा की मौजूदा सरकार अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा कर चुकी है। विधानसभा चुनाव में अब 2 साल का समय ही शेष है, लेकिन अब तक वह निगम-मंडलों, आयोगों आदि में राजनीतिक नियुक्तियों काम पूरा नहीं कर सकी। राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल की भी यही स्थिति है। लोकसभा चुनाव के बाद से ही विस्तार लेकर अटकलें चलती हैं और मामला टॉय-टॉय फिस होकर रह जाता है। मंत्रिमंडल में फेरबदल न हो चलेगा, क्योंकि सरकार तो काम कर ही रही है लेकिन निगम-मंडलों में अब तक नियुक्तियों का न होना, इंतजार में बैठे नेताओं की नाराजगी का कारण बन गया है। विधानसभा चुनाव और इसके बाद लोकसभा चुनाव के टिकट वितरण के दौरान ही टिकट के दावेदार कई नेताओं को सरकार में हिस्सेदारी का आश्वासन दे रखा गया था। उनमें से अधिकांश अब तक इंतजार ही कर रहे हैं। राजनीतिक नियुक्तियों के एक चरण के बाद कहा गया था कि शेष पद अगले चरण में भरे जाएंगे। संगठन में नियुक्तियां प्रारंभ हुईं तो लगा अब निगम-मंडलों में भी नियुक्तियों की बारी है, लेकिन इसके आसार नजर नहीं आ रहे। खबर है कि इस मसले पर संगठन और सरकार के मुखिया के बीच चर्चा हो चुकी है। नियुक्तियों में और विलंब भाजपा के लिए आत्मघाती हो सकता है। वैसे भी सरकार का कार्यकाल ज्यादा नहीं बचा है।
कांग्रेस में घर वापसी के लिए देना होगा कड़ा इम्तिहान….!
प्रदेश कांग्रेस छोड़ कर भाजपा तथा अन्य दलों में जा चुके बागी नेताओं के लिए घर वापसी की राह अब आसान नहीं होगी। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव जैसे बड़े नेताओं के बयानों से साफ हो गया है कि भाजपा छोड़ कर आने वालों को अब पैराशूट एंट्री नहीं मिलेगी, बल्कि इसके लिए उन्हें कड़े राजनीतिक इम्तिहान से गुजरना होगा। अजय सिंह पहले से बागी नेताओं के खिलाफ मुखर रहे हैं। वे कहते आए हैं कि जो नेता कांग्रेस के बुरे समय में पार्टी छोड़ कर गए हैं, उनकी घर वापसी पर विचार ही नहीं किया जाना चािहए। अब अरुण यादव भी उनके समर्थन में उतर आए हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में जाने वाले नेताओं को वापस लिए जाने के पक्ष में मैं भी नहीं हूं। उन्होंने कहा कि आखिर ऐसे धोखेबाज नेताओं को फिर पार्टी में क्यों लेना चाहिए? क्या गारंटी है कि वे कांग्रेस को फिर धोखा नहीं देंगे? नेताओं के इस रुख के बाद पार्टी ने तय किया है कि घर वापसी के इच्छुक नेताओं का मामला समन्वय समिति के पास भेजा जाएगा। समन्वय समिति ने आपत्ति दर्ज कराई तो संबंधित नेताओं की कांग्रेस में आने की संभावनाओं पर ताला लग जाएगा। लिहाजा, पार्टी अब उन नेताओं के लिए अपने दरवाजे आसानी से नहीं खोलेगी, जो अपने सियासी फायदे के लिए दल बदलते रहे हैं।
भाजपा के नए प्रदेश मीडिया प्रभारी के नवाचार की चर्चा….
इस समय भाजपा के नए प्रदेश मीडिया प्रभारी बृज गोपाल लोया के एक नवाचार की खासी चर्चा है। इससे मीडिया और पार्टी नेताओं दोनों को सुविधा होगी। यह नवाचार है प्रदेश भाजपा कार्यालय में स्टूडियो का निर्माण। कार्यालय के अंदर एक ऐसे स्टूडियो का निर्माण कराया जा रहा है, जहां मीडियाकर्मी भाजपा नेताओं के बड़े-छोटे नेताओं के इंटरव्यू ले सकेंगे। बाहर से आने वाले बड़े नेता और केंद्रीय मंत्री भी इसके लिए समय निकाल सकेंगे। वर्तमान में कई मीडिया कर्मियों को शिकायत रहती है कि उन्हें मांगने के बाद भी भाजपा के नेता साक्षात्कार और किसी भी प्रमुख मुद्दे पर चर्चा के लिए समय नहीं दे पाते। स्टूडियो बनने से इस समस्या का काफी हद तक समाधान हो जाएगा। नेता और मंत्री जब भी आएंगे, उन्हें प्रदेश भाजपा कार्यालय में बने स्टूडियो में बैठने में दिक्कत नहीं होगी। इसके अलावा चूंकि विधानसभा और लोकसभा के चुनाव आने वाले हैं। इसे ध्यान में रखकर भाजपा भी अपने प्रमुख नेताओं के साक्षात्कार कराना चाहेगी, यह समस्या भी हल हो जाएगी। यह नवाचार पार्टी और मीडिया दोनों के लिए लाभकारी हो सकता है।
राज-काज

0 Views
What do you think?




