-किसानों को मिलेगी विभिन्न योजनाओं की जानकारी
-कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, सहकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी करेंगे किसानों से सीधा संवाद
अनोखा तीर, हरदा। जिले में किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने, उनकी समस्याओं का निराकरण करने तथा कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत हरदा द्वारा 25 से 27 नवंबर तक विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान चौपाल आयोजित की जाएंगी। चौपाल का आयोजन निर्धारित तिथियों में शाम 4 बजे से किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर को टिमरनी विकासखंड के ग्राम रायबोर के ग्राम पंचायत भवन, 26 नवंबर को खिरकिया विकासखंड के ग्राम बावड़िया (चारूवा) के नई पंचायत भवन तथा 27 नवंबर को हरदा विकासखंड के ग्राम हंडिया में किसान चौपाल आयोजित होगी। हंडिया में चौपाल का आयोजन मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कार्यक्रम के अंतर्गत किया जाएगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव ने बताया कि किसान चौपाल में उद्यानिकी, पशुपालन, कृषि अभियांत्रिकी, राजस्व, मत्स्य, कृषि उपज मंडी, बैंक एवं सहकारिता, विद्युत, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। चौपाल में कृषि विभाग द्वारा नरवाई जलाने पर प्रतिबंध, हैप्पी सीडर एवं सुपर सीडर के उपयोग, खाद-बीज विक्रय प्रतिष्ठानों के निरीक्षण तथा मृदा परीक्षण के संबंध में जानकारी दी जाएगी। उद्यानिकी विभाग द्वारा फसलोत्तर प्रबंधन, क्लस्टर आधारित उद्यानिकी फसलों के विस्तार, एआईएफ योजना तथा औषधीय फसलों की खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा। चौपाल में सहकारिता विभाग द्वारा अल्प अवधि फसल ऋण वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड तथा पैक्स के माध्यम से डिजिटल सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। मत्स्य विभाग द्वारा मध्यप्रदेश एकीकृत मत्स्योद्योग नीति-2026, मछली पालन एवं केज कल्चर को बढ़ावा देने संबंधी जानकारी दी जाएगी। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा हिरण्यगर्भा अभियान, नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान, लखपति गोपालन दीदी नवाचार तथा बकरी, मुर्गी एवं गाय पालन से संबंधित योजनाओं की जानकारी देकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। विद्युत विभाग द्वारा विद्युत प्रदाय, सब्सिडी एवं छूट, बिजली बिल संबंधी समस्याओं के निराकरण तथा कुसुम योजना की जानकारी दी जाएगी। जल संसाधन विभाग द्वारा ओसरा बंदी, नहरों पर स्थापित कैमरों, जल संरक्षण के उपायों, बोरी बंधान, कूप एवं हैंडपंप रिचार्ज तथा तालाब निर्माण के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। इसी प्रकार पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा राजस्व विभाग द्वारा स्वरोजगार ऋण योजनाओं, स्व-सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल बीमा योजना एवं स्वामित्व योजना की जानकारी दी जाएगी। साथ ही जाति प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, समग्र आईडी एवं आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। चौपाल में जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहकर पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त करेंगे तथा प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
25 से 27 नवंबर तक जिले में आयोजित होंगी किसान चौपाल




