अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत वर्ष 2026-27 में रबी फसलों का बीमांकन की अवधि 31 दिसम्बर 2026 नियत की गई है। उप संचालक कृषि प्रकाश ठाकुर ने बताया कि जिले में गेहूं, चना एवं सरसों फसल अधिसूचित है। उन्होंने बताया कि फसल बीमा हेतु गेहूं फसल की प्रीमियम राशि 690 रूपये प्रति हेक्टेयर, चना फसल की प्रीमियम राशि 606 रूपये प्रति हेक्टेयर तथा सरसों फसल की प्रीमियम राशि 511.50 रूपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित की गई है। उप संचालक कृषि ठाकुर ने बताया कि ऋणी किसान अपनी फसल का बीमा अपनी संबंधित बैंक शाखा से करवाए, बीमांकन के लिए बैंक में अपना नवीनतम आधार कार्ड एवं बोई गई फसल के बारे में बैंक को जल्दी से जल्दी अवगत कराये। उन्होंने बताया कि किसान भाई अंतिम तारीख से 2 दिन पहले तक अपनी फसल में परिवर्तन करवा सकते हैं। अऋणी किसान जिन्होंने बैंक से के.सी.सी. नहीं ले रखा है एवं डिफॉल्टर किसान भी बैंक (जहाँ सेविंग खाता हो) या कॉमन सर्विस सेंटर से अपनी फसल का बीमा करवा सकते हैं। बीमा करवाने के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, ऋण पुस्तिका अनिवार्य दस्तावेज है, इसके अतिरिक्त फसल बुवाई का प्रमाण पत्र कृषक द्वारा सत्यापित मान्य है, फार्मर आईडी आदि का उपयोग किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 31 दिसम्बर से पूर्व कराएं फसलों का बीमा




