-25 को प्रमुख सचिव लेंगे वनमंडलों के कामकाज का हिसाब
-वन्यजीव संरक्षण में लापरवाही, वित्तीय अनियमितता, पौधरोपण की हकीकत पर भी चर्चा करेंगे
गणेश पांडे, भोपाल। मध्यप्रदेश के वन विभाग में अब सिर्फ फाइलों में उपलब्धियां दिखाकर अधिकारियों की जवाबदेही से बचना आसान नहीं होगा। वनमंडलों के कामकाज की ऐसी परीक्षा होने जा रही है, जिसमें 34 बिंदुओं पर अधिकारियों का प्रदर्शन परखा जाएगा। चाहे वह वनभूमि पर अतिक्रमण का मामला हो या फिर वन्यजीव संरक्षण में लापरवाही, वित्तीय अनियमितता, पौधरोपण की हकीकत या फिर योजनाओं के बजट का इस्तेमाल—हर मोर्चे पर वनमंडलवार हिसाब देना होगा। समीक्षा बैठक को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि हाथी प्रबंधन के लिए मुख्यालय द्वारा फंड फील्ड को क्यों रिलीज नहीं किया जा रहा है? क्या प्रदेश में लगातार हो रही टाइगर और तेंदुए की मौत पर शीर्ष अफसर की जवाबदेही तय किए जाने पर मंथन होगा। नर्मदा पुरम के छिपीखापा बीट में ढाई करोड रुपए की सागवान की कटाई में साल भर से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अब तक एसडीओ-डीएफओ के खिलाफ आरोप पत्र क्यों नहीं जारी हुआ? प्रमुख सचिव वन राघवेंद्र सिंह पहली बार 25 नवंबर को सुबह 10 बजे एमपीटी पलाश रेजीडेंसी में विभागीय समीक्षा बैठक करने जा रहें हैं। इसमें वे अधिकारियों से कामकाज का हिसाब मांगेंगे। इसके साथ ही प्रमुख सचिव सिंह मुख्यालय में बैठक शीर्ष अधिकारियों के प्रशासनिक क्षमता और प्रबंधन को भी भी परखेंगे। इस बार समीक्षा की सबसे खास बात यह है कि उपलब्धियों के दावों के साथ मैदानी हकीकत भी कसौटी पर होगी। प्रत्येक विषय पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच वनमंडलों और तीन वृत्तों को हरे रंग, कमजोर प्रदर्शन करने वालों को लाल और शेष को पीले रंग से चिह्नित किया जाएगा। यानी विभागीय समीक्षा में अधिकारियों की कार्यक्षमता रंगों में नजर आएगी। अतिक्रमण से लेकर चीता प्रोजेक्ट तक सवाल 34 बिंदुओं के एजेंडे में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लंबित प्रकरण, न्यायालयीन मामलों, ऑडिट आपत्तियों, वित्तीय अनियमितताओं, विभागीय जांच और कर्मचारियों की पदोन्नति तक शामिल हैं। वनभूमि पर अतिक्रमण हटाने, वनग्रामों को राजस्व ग्राम बनाने, वनाधिकार कानून के तहत सामुदायिक वन संसाधन अधिकारों और वनभूमि के व्यपवर्तन प्रस्तावों की प्रगति पर भी जवाब मांगा जाएगा। वन विभाग में समीक्षा बैठकों की कमी नहीं रही है। असली चुनौती समीक्षा के बाद कार्रवाई की है। यदि 34 कसौटियों पर वनमंडलों की कमियां सामने आती हैं, तो उनके लिए समयबद्ध सुधार और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। वन्यजीव संरक्षण के मोर्चे पर बीट निरीक्षण, फायर स्कीम, वन संरक्षण टास्क फोर्स, अधिकारियों की पेट्रोलिंग और रात्रि विश्राम के रिकॉर्ड की पड़ताल होगी। प्रोजेक्ट चीता पर हुए खर्च का हिसाब भी देना होगा। सवाल यह भी होगा कि वनाग्नि रोकने, मानव-वन्यजीव संघर्ष में जनहानि का मुआवजा देने और संरक्षित क्षेत्रों के पुनर्वास में वनमंडलों ने कितना काम किया।
पौधरोपण के दावों की भी होगी परीक्षा
वर्ष 2026-27 के बजट और भौतिक लक्ष्यों, रोपण वर्ष 2026, मेरी लाइफ पोर्टल पर दर्ज पौधरोपण तथा पुराने पौधों के जीवित रहने की वास्तविक स्थिति की समीक्षा होगी। बांस मिशन, वन राजस्व, वनोपज नीलामी, अभिवहन शुल्क, ईको-पर्यटन और निर्माण कार्यों की प्रगति भी जांच के दायरे में रहेगी। अधिकारियों को प्रत्येक एजेंडा बिंदु पर समस्याओं, लक्ष्यों, उपलब्धियों और निर्देशों के साथ संवादात्मक पीपीटी तैयार करने को कहा गया है। प्रस्तुतियां 19 नवंबर को दोपहर दो बजे तक भेजने के निर्देश थे।
इस समीक्षा का असली संदेश साफ है—अब केवल योजनाओं की फाइलें और खर्च के आंकड़े नहीं, बल्कि जमीन पर हुआ काम भी अधिकारियों का रिपोर्ट कार्ड तय करेगा। हालांकि लाल ग्रेडिंग के बाद कार्रवाई होगी या केवल सुधार के निर्देश मिलेंगे, यह बैठक के फैसलों से स्पष्ट होगा।
प्रमुख क्षेत्र समीक्षा का विषय
प्रशासनिक जवाबदेही हेल्पलाइन, न्यायालयीन प्रकरण, विभागीय जांच
वित्तीय प्रबंधन ऑडिट आपत्तियां, बजट खर्च, वित्तीय अनियमितताएं, वनभूमि संरक्षण अतिक्रमण, वनग्राम, वनाधिकार, व्यपवर्तन
वन्यजीव संरक्षण बीट निरीक्षण, पेट्रोलिंग, रात्रि विश्राम, वन सुरक्षा वनाग्नि, टास्क फोर्स, फायर स्कीम, प्रोजेक्ट चीता परियोजना पर व्यय और प्रगति, पौधरोपण रोपण वर्ष 2026, पौधों की जीवित स्थिति, राजस्व वनोपज नीलामी, अभिवहन शुल्क, वन राजस्व, विकास कार्य ईको-पर्यटन और निर्माण कार्य आदि प्रमुख है।
समीक्षा के लिए फील्ड के अफसर तैयार नहीं
समीक्षा को लेकर 80 परसेंट डीएफओ का मत है कि मौजूदा समय समीक्षा के लिए उचित नहीं है, क्योंकि सभा सत्र में पूछे गए प्रश्नों की जानकारी एकत्रित करना है। इसके अलावा अवैध उत्खनन, कटाई और अतिक्रमण का दौर चल रहा है ऐसे में डीएफओ को फील्ड में रहना आवश्यक है। वैसे भी कितने मुद्दों पर एक दिन में समीक्षा संभव नहीं है। एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि यह तो डीएफओ की मुंह दिखाई करने के लिए यह बैठक बुलाई गई है।
किस वनमंडल ने किया काम, किसने सिर्फ कागज रंगे



