Skip to content
Monday, 23 November 2026
हरदा

नॉलेज पब्लिक स्कूल में ‘कंप्यूटेशनल थिंकिंग विषय पर हुई कार्यशाला  

2 min read
15 6

-शिक्षकों को आधुनिक तकनीक, तार्किक चिंतन एवं समस्या समाधान के नवीन तरीकों से कराया परिचित

अनोखा तीर, टिमरनी। नॉलेज पब्लिक स्कूल, टिमरनी में 21 नवंबर को ‘कंप्यूटेशनल थिंकिंग विषय पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता, समस्या समाधान कौशल तथा आधुनिक तकनीकी सोच को विकसित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्या एवं उपप्राचार्य द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता एवं रिसोर्स पर्सन के रूप में होली फेथ स्कूल, हरदा के प्राचार्य अनिल अहिरवार तथा बालाजी इंटरनेशनल स्कूल, घोड़ाडोंगरी, बैतूल की प्राचार्या श्रद्धा तिवारी उपस्थित रहे। साथ ही हरदा के अन्य स्कूलों के शिक्षक गणों ने भी कार्यशाला में भाग लिया।

समस्याओं को सुलझाने की वैज्ञानिक पद्धति पर विशेष चर्चा
कार्यशाला को संबोधित करते हुए अनिल अहिरवार ने बताया कि कंप्यूटेशनल थिंकिंग केवल कंप्यूटर या कोडिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दैनिक जीवन एवं शैक्षणिक विषयों की जटिल समस्याओं को सरल चरणों में विभाजित कर उनके समाधान तक पहुँचने की एक प्रभावी प्रक्रिया है। उन्होंने ‘डीकंपोजिशन ‘पैटर्न रिकॉग्निशन ‘एब्स्ट्रैक्शन एवं ‘एल्गोरिदमजैसे महत्वपूर्ण सिद्धांतों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। वहीं, श्रद्धा तिवारी ने शिक्षण एवं सीखने की प्रक्रिया में कंप्यूटेशनल थिंकिंग की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में विद्यार्थियों के लिए केवल रटने के बजाय विश्लेषणात्मक चिंतन, तार्किक क्षमता और रचनात्मक समाधान खोजने का कौशल विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों एवं केस स्टडी के माध्यम से विषय को रोचक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। सत्र के दौरान शिक्षकों ने विषय से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका दोनों रिसोर्स पर्सन ने सहज एवं स्पष्ट तरीके से उत्तर देकर समाधान किया। सभी प्रतिभागियों ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा इसे ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने दोनों रिसोर्स पर्सन के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्हें तुलसी के पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। यह कार्यशाला शिक्षकों के व्यावसायिक विकास तथा आधुनिक शिक्षा पद्धतियों को अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply