Skip to content
Monday, 23 November 2026
हरदा

दो दिन की ठंड के बाद बादलों ने बदला मौसम का मिजाज, सर्दी के तेवर नरम

3 min read
14 9

-पारा गिरने के बावजूद ठंड का असर नहीं, सुबह से छाने लगा कोहरा
-रबी फसलों के लिए अनुकूल ठंड का किसानों को इंतजार

अनोखा तीर, मसनगांव। अंचल में दो दिन तक महसूस हुई ठंड के बाद आसमान में बादल छाने से मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। सर्दी के तेवर नरम पड़ने लगे हैं। सुबह से हल्का कोहरा छाने लगा है, वहीं रात में ही ठंड का एहसास हो रहा है। दिन में तापमान में गिरावट आने के बावजूद ठंड का असर दिखाई नहीं दे रहा है। नवंबर का महीना आधा बीतने के बाद भी दोपहर में पंखे चलाने की नौबत बनी हुई है। जबकि सामान्य तौर पर इस समय तक ठंड अपना असर दिखाने लगती है। इस बार कम बारिश का असर मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। सुबह और शाम के समय ही हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में धूप और गर्मी के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम में ठंडक की कमी का असर रबी सीजन की फसलों पर भी पड़ने की आशंका है। गेहूं, चना और सरसों जैसी फसलों के बेहतर विकास के लिए जिस ठंड की जरूरत होती है, फिलहाल किसान उसका इंतजार कर रहे हैं।
तापमान गिरा, फिर भी ठंड का अहसास कम
अंचल में अधिकतम तापमान 32 डिग्री से घटकर करीब 29 से 30 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इसके बावजूद मौसम में अपेक्षित ठंडक नहीं आ रही है। सुबह-शाम लोग गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं, लेकिन दोपहर में पंखे चलाने पड़ रहे हैं। किसानों का कहना है कि रबी सीजन की प्रमुख फसलों गेहूं, चना और सरसों के लिए इस समय ठंड बढ़ना जरूरी है। सुबह ओस गिरने से हल्की ठंड जरूर महसूस हो रही है, लेकिन दिन में बढ़ती गर्मी चिंता का विषय बनी हुई है। ग्राम के किसान कीर्तन रायखेरे, रतनदीप पाटिल आदि ने बताया कि रबी फसलों के लिए जिस तरह की ठंड की आवश्यकता है, वैसा मौसम अभी नहीं बन पाया है। सुबह ओस गिरने से ठंड का अहसास होता है, लेकिन दिन में गर्मी बनी रहने से फसलों के अनुकूल मौसम नहीं मिल पा रहा है।
कोहरे के साथ सड़कों पर छाने लगी धुंध
आसमान में बादल छाने के बाद सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध दिखाई देने लगी है। बिना बारिश के ही वातावरण में नमी और धुंध का असर नजर आने लगा है। सुबह सड़कों पर दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सुबह आवागमन करने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply