Skip to content
Monday, 23 November 2026
हरदा

स्पीड ब्रेकर के पास सड़क पर बना गड्ढा बना मुसीबत

3 min read
07 11

-हर दूसरे दिन गिर रहे वाहन चालक
-शासकीय स्कूल के पास हादसों का खतरा
-हंसावती नदी के पुल के गड्ढे भरने के लिए किया गया केमिकल ट्रीटमेंट भी तीन दिन में उखड़ा

अनोखा तीर, सोडलपुर। रहटगांव-सोडलपुर मार्ग पर शासकीय स्कूल के पास सड़क पर बना गड्ढा वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। स्पीड ब्रेकर के ठीक पास सड़क की हालत खराब होने से आए दिन वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। स्थिति यह है कि यहां से गुजरते समय वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। ऐसे में संतुलन बिगड़ने से बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, हर दूसरे दिन यहां कोई न कोई वाहन चालक गिरकर दुर्घटना का शिकार हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभाग का इस ओर ध्यान नहीं है।
एक तरफ नाली जैसा गड्ढा, दूसरी तरफ स्पीड ब्रेकर
रहटगांव-सोडलपुर मार्ग पर शासकीय स्कूल के पास सड़क पर एक तरफ लंबा और गहरा गड्ढा नाली जैसा बन गया है। वहीं, कुछ दूरी पर स्पीड ब्रेकर होने के कारण वाहन चालकों के सामने अचानक परेशानी खड़ी हो जाती है। गड्ढे से बचने के लिए वाहन चालक जैसे ही दूसरी तरफ जाने का प्रयास करते हैं, उन्हें स्पीड ब्रेकर के कारण अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। इस दौरान पीछे से आने वाले वाहन भी दुर्घटना की आशंका में रहते हैं। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थान जोखिम भरा बन गया है।
हंसावती नदी के पुल के पास भी मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति
इसी मार्ग पर हंसावती नदी के पास पुल के आसपास भी सड़क पर कई गड्ढे बने हुए हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग द्वारा इन गड्ढों को केमिकल से भरने का काम कराया गया था, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि मरम्मत के महज तीन दिन बाद ही यह सामग्री उखड़कर धूल की तरह उड़ने लगी। इससे सड़क की स्थिति फिर पहले जैसी हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि मरम्मत के नाम पर स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। विभाग की इस लापरवाही का खामियाजा रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने की स्थायी मरम्मत की मांग
ग्रामीण राधेश्याम गहलोत, हरी भाटी, अजय सोलंकी, शिव गहलोत और पंकज सांखला ने बताया कि रहटगांव-सोडलपुर मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। शासकीय स्कूल के पास सड़क पर बने गड्ढे के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। कई बार दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो चुके हैं। इसके बावजूद विभाग द्वारा समस्या का स्थायी निराकरण नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि शासकीय स्कूल के पास सहित हंसावती नदी के पुल के आसपास सड़क की जल्द गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए, ताकि वाहन चालकों को राहत मिले और संभावित हादसों पर रोक लग सके।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply