-छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों की सुविधा के लिए मिलेंगे अतिरिक्त फेरे
-रानी कमलापति स्टेशन से होगा संचालन
अनोखा तीर, भोपाल। दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेल द्वारा रानी कमलापति एवं दानापुर के मध्य संचालित की जा रही दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। विस्तारित अवधि में इन ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे, जिससे भोपाल एवं आसपास के क्षेत्रों से बिहार की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को आवागमन के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी। रेल प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार विस्तारित अवधि में निम्नलिखित स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
1. गाड़ी संख्या 01667/01668 रानी कमलापति-दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन
-गाड़ी संख्या 01667 रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल ट्रेन का संचालन पूर्व निर्धारित सोमवार एवं शुक्रवार के अनुसार 16 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक विस्तारित किया गया है। इस अवधि में ट्रेन के 03 अतिरिक्त फेरे संचालित होंगे। इसी प्रकार, वापसी में गाड़ी संख्या 01668 दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन का संचालन मंगलवार एवं शनिवार के अनुसार 17 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक बढ़ाया गया है। इस दौरान इसके भी 03 अतिरिक्त फेरे संचालित होंगे।
गाड़ी संख्या 01661/01662 रानी कमलापति-दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 01661 रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल ट्रेन का संचालन प्रत्येक बुधवार को 11 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक विस्तारित किया गया है। इस दौरान इसके 02 अतिरिक्त फेरे संचालित होंगे। वापसी में गाड़ी संख्या 01662 दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन का संचालन प्रत्येक गुरुवार को 12 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक बढ़ाया गया है। इसके भी 02 अतिरिक्त फेरे संचालित होंगे। उक्त दोनों जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन दिवस, ठहराव, समय-सारणी एवं कोच संरचना पूर्ववत रहेंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे द्वारा अतिरिक्त यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। रानी कमलापति-दानापुर के मध्य संचालित दोनों जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाए जाने से भोपाल एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बिहार की ओर आवागमन में विशेष सुविधा मिलेगी। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे अपनी यात्रा की योजना विस्तारित अवधि के अनुसार बनाएं तथा आरक्षण एवं ट्रेन की समय-सारणी की जानकारी रेलवे के अधिकृत माध्यमों से प्राप्त करें।
रानी कमलापति-दानापुर के मध्य संचालित दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाई






