
-नर्मदा में मिल रहा नालियों का दूषित पानी
-धार्मिक नगरी हंडिया में स्वच्छता अभियान की खुल रही पोल
-स्वच्छता का संदेश केवल कागजों तक सीमित
अनोखा तीर, हंडिया। प्रदेश सरकार जहां एक ओर जल जीवन मिशन और स्वच्छता अभियान के माध्यम से आमजन को स्वच्छ पेयजल एवं बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर धार्मिक नगरी हंडिया में स्थानीय ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। नगर के विभिन्न स्थानों पर कचरे और गंदगी के ढेर लगे होने से जहां नगर की सुंदरता प्रभावित हो रही है, वहीं नालियों का दूषित पानी नर्मदा नदी के जल में मिलना गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। मां नर्मदा के पवित्र तट पर बसे हंडिया की पहचान एक धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी के रूप में है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इसके बावजूद नगर में सफाई व्यवस्था का उचित प्रबंधन नहीं होना जिम्मेदारों की उदासीनता को उजागर करता है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव में दूषित पानी नर्मदा तक पहुंच रहा है। एक ओर श्रद्धालु मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं, तो दूसरी ओर नदी में मिलती गंदगी और कचरा स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो इसका असर न केवल नर्मदा की स्वच्छता बल्कि नगर की धार्मिक पहचान पर भी पड़ सकता है।




