
-खाद्य मंत्री ने जनजातीय लोक कलाकारों के साथ किया लोक नृत्य
-जैसीनगर में जिला स्तरीय जनजाति गौरव दिवस का भव्य कार्यक्रम आयोजित
अनोखा तीर, भोपाल। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जैसीनगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि देश के जनजातीय समाज के महान नायकों को वर्षों तक भुला दिया गया था, उनके संघर्ष और बलिदान को वह स्थान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें सम्मान और पहचान दिलाने का कार्य किया है। उनके इतिहास, उनकी वीरता और उनके स्वाभिमान को जन-जन तक पहुंचाया है। उन्होंने आदिवासी शब्द की व्याख्या करते हुए कहा कि आदिकाल से, सभ्यता की शुरुआत से जो इस धरती पर निवास कर रहे हैं, वही आदिवासी हैं। उन्हीं के स्वाभिमान, सम्मान, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को घर-घर तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2021 में जनजातीय गौरव दिवस मनाने की घोषणा की थी। श्री राजपूत ने कहा कि यह दिवस जनजातीय समाज के महान नायकों और स्वतंत्रता के लिए उनके बलिदान को स्मरण करने का दिवस है। यह दिवस आज पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों में अधोसंरचना, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित सभी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जनजातीय समुदाय के किसानों को किसान सम्मान निधि तथा महिलाओं व बच्चों को लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर प्रदान किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सागर हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि शूरवीर स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा हमारे देश का गौरव हैं, उन्होंने मात्र 25 वर्ष की उम्र में स्वतंत्रता के आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने समस्त जनजातीय वीर एवं वीरांगनाओं को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी में और देश के विकास में जनजातियों का अमूल्य योगदान है। आज आदिवासी समुदाय की बेटी राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू देश का संचालन कर रही हैं, जो हम सबके लिए गर्व की बात है। श्री राजपूत ने कहा कि आदिवासी समाज ईमानदार, वीर और मेहनती समाज है और देश में आदिवासी समाज के सम्मान के लिए ही यह जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष सागर श्याम तिवारी ने कहा कि आदिवासी समाज ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना अमूल्य बलिदान दिया है। सरकार, भगवान बिरसा मुंडा, सिधू-कान्हू, टंट्या भील, शंकर शाह, रघुनाथ शाह, वीरांगना रानी दुर्गावती जैसे महान नायकों को सम्मान दिलाने का कार्य कर रही है। जनजाति कल्याण विकास परिषद महाकौशल प्रांत सचिव अर्जुन सिंह मरकाम ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस राष्ट्रीय स्तर पर मनाने का उद्देश्य जनजातीय नायकों का सम्मान करना, उनके जीवन से प्रेरणा लेना, उनकी वीरता, मेहनत और प्रकृति के संरक्षण की शिक्षा लेना है। उन्होंने कहा कि भुला दी गई जनजातीय संस्कृति को देश एवं विश्व के समक्ष रखना और जनजाति के नायकों का इतिहास विश्व के समक्ष रखना ही इस दिवस का मुख्य उद्देश्य है।
मंत्री श्री राजपूत ने जनजातीय लोक कलाकारों के साथ किया नृत्य
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कार्यक्रम में जनजातीय लोक कलाकारों के साथ लोक नृत्य किया। इस दौरान लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक प्रस्तुति दी। मंत्री राजपूत के लोक नृत्य में शामिल होने पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़, उड़ीसा, गुजरात, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों के लोक कलाकार शामिल हुए। लोक कलाकारों ने जनजातीय गौरव और जनजातीय संस्कृति से परिपूर्ण अपने-अपने राज्य की जनजातीय लोक नृत्य, लोक गीत और लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति दी। जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया, तत्पश्चात राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन हुआ। जनजातीय समुदाय की परंपरा का निर्वहन करते हुए अतिथियों को महुआ के पत्तों की टोपी एवं महुआ की माला भेंट की गई। मंत्री एवं प्रतिनिधियों द्वारा कार्यक्रम में आए जनजातीय समुदाय के सदस्यों पर पुष्प वर्षा की गई एवं सभी को भोजन वितरित किया गया।






