-मनोरंजन के साथ बच्चों ने सीखा जीवन का पाठ
अनोखा तीर, सोडलपुर। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को डेली स्कूल ऑफ एजुकेशन द्वारा विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पर्यटन स्थल पर पहुंचकर विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में भाग लिया और आनंद के साथ नई-नई जानकारियां भी हासिल कीं। विद्यालय के प्राचार्य किरण कुमार मिश्रा ने बताया कि भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा, सामाजिक व्यवहार, आपसी सहयोग और प्रकृति के प्रति जुड़ाव का अनुभव कराना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल कक्षा की चारदीवारी तक सीमित नहीं होती, बल्कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर अखिलेश चौधरी एवं विजया चौधरी ने विद्यार्थियों को चॉकलेट वितरित कर बाल दिवस की खुशियां साझा कीं। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि पढ़ाई के साथ मनोरंजक एवं शैक्षणिक गतिविधियों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें जीवन के नए अनुभवों से सीखने का अवसर मिलता है।






