
– बांधवगढ़ में श्रीमती इंद्राणी बालन इंटरप्रिटेशन सेंटर का भूमि पूजन
– 1100 वनकर्मियों, गाइडों और सुरक्षा श्रमिकों का कराया जीवन बीमा
गणेश पांडे, भोपाल। वन्यजीव संरक्षण की चुनौती केवल जंगल और बाघों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि उन वनकर्मियों और सुरक्षा श्रमिकों की जिंदगी को सुरक्षित करना भी उतना ही जरूरी है, जो दिन-रात जंगलों में जोखिम उठाकर वन्यप्राणियों की रक्षा करते हैं। इस दिशा में पुनीत बालन गु्रप पिछले पांच वर्षों से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के लिए एक मजबूत सहयोगी के रूप में सामने आया है। गु्रप ने वन्यजीव संरक्षण के साथ वनकर्मियों और उनसे जुड़े लोगों के सामाजिक सुरक्षा कवच को मजबूत करने की उल्लेखनीय पहल की है। इसी सहयोग की एक नई कड़ी के रूप में 13 नवंबर को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला में श्रीमती इंद्राणी बालन इंटरप्रिटेशन सेंटर का भूमि पूजन संपन्न हुआ। पुनीत बालन गु्रप के सहयोग से बनने वाला यह केंद्र पर्यटकों और नई पीढ़ी को जंगल, जैव विविधता, बाघों के प्राकृतिक आवास और संरक्षण के महत्व से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। गु्रप की सबसे महत्वपूर्ण पहल टाइगर रिजर्व से जुड़े करीब 1100 लोगों का जीवन बीमा है। इसमें वनकर्मी, सुरक्षा श्रमिक, गाइड, जिप्सी एसोसिएशन के सदस्य और चालक शामिल हैं। इनके बीमा पर लगभग 34 लाख रुपये का वार्षिक प्रीमियम गु्रप स्वयं वहन करता है। पिछले पांच वर्षों से लगातार प्रीमियम जमा किया जा रहा है और आगामी दस वर्षों तक इसे जारी रखने का भरोसा दिया गया है। यह पहल उन लोगों और उनके परिवारों के लिए बड़ा सुरक्षा संबल है, जिनकी रोजमर्रा की जिंदगी जंगल के जोखिमों के बीच गुजरती है।
कर्मचारियों और उनके परिवारों को सुरक्षा देना भी महत्वपूर्ण
पुनीत बालन ने कहा कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। संरक्षण की अग्रिम पंक्ति में काम करने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को सुरक्षा देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। वहीं टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने गु्रप के पांच वर्षों के सहयोग को सराहनीय बताते हुए आभार व्यक्त किया। भूमि पूजन कार्यक्रम में विधायक मीना सिंह, पुनीत बालन, जान्हवी धारिवाल-बालन, शोभा धारिवाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रधान मुख्य वन संरक्षक बीएस अन्निगिरी, क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय और उप संचालक योहान कटारा प्रमुख रूप से शामिल थे। रिसॉर्ट, गाइड और जिप्सी एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
सुरक्षा और गश्त व्यवस्था के लिए वाहन भी गिफ्ट
वन्यजीवों की सुरक्षा और गश्त व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तीन इसुजु वाहन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। गु्रप ने इन वाहनों को देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और नवंबर के अंत तक इन्हें टाइगर रिजर्व प्रबंधन को सौंपने की योजना है। इससे जंगल के दुर्गम इलाकों में निगरानी और सुरक्षा संबंधी गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। बांधवगढ़ में यह पहल इस बात का उदाहरण है कि जब निजी क्षेत्र, स्थानीय समुदाय और वन विभाग एक साझा उद्देश्य के लिए साथ आते हैं, तो संरक्षण की मुहिम केवल सरकारी व्यवस्था तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उसे सामाजिक सहभागिता और मानवीय संवेदना का भी मजबूत आधार मिलता है।






