-10 मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई
-मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर निकलवाए, वाहन चालकों के काटे चालान
-बुजुर्गों और बीमारों को होने वाली परेशानी को देखते हुए चलाया अभियान
अनोखा तीर, हरदा। शहर की सड़कों पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखों जैसी तेज आवाज निकालने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। अभियान के दौरान 10 बुलेट मोटरसाइकिलों को पकड़कर उनके अमानक साइलेंसर मौके पर ही निकलवाए गए और संबंधित वाहन चालकों के चालान बनाए गए। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। मॉडिफाइड साइलेंसर से अचानक निकलने वाली तेज और कर्कश आवाज को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यातायात पुलिस ने अभियान शुरू किया। ऐसी आवाजों से आम नागरिकों के साथ विशेष रूप से बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यातायात थाना प्रभारी रक्षित निरीक्षक वर्षा गौर ने पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रवाना कीं। टीमों ने मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज निकालने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों को रोककर यातायात थाने पहुंचाया। यहां मोटरसाइकिलों से निकलने वाली आवाज के स्तर की जांच की गई। जांच में अमानक और मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर उन्हें मौके पर ही निकलवाया गया तथा वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
कार्रवाई के दौरान पकड़े गए सभी 10 वाहन चालकों को भविष्य में मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग नहीं करने की समझाइश भी दी गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानक के अनुरूप साइलेंसर का ही उपयोग करें। शौक के नाम पर तेज और कर्कश आवाज वाले साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही दूसरे लोगों की सुविधा, सुरक्षा और शांति का ध्यान रखना भी प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है।




