अनोखा तीर, खातेगांव। फिल्म हनुमान अंश में गाए भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान से पूरे देश में प्रसिद्धि पाने वाले बुंदेलखंड के गायक सुनील लोधी खातेगांव पहुंचे। वे ग्राम संदलपुर में आयोजित भजन संध्या में शामिल होने आए। गायक सुनील लोधी दिनभर प्रशंसकों से घिरे रहे और उनके साथ फोटो खिंचवाते रहे। सुनील लोधी मध्यप्रदेश के सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अगरा गांव के रहने वाले हैं। वे जन्म से ही दृष्टिबाधित हैं। करीब 10 साल की उम्र से अपने दादाजी के साथ गांव में होने वाले धार्मिक आयोजनों में जाते और वहां अपने दादा और ग्रामीणों के साथ भजन गाते। हाथ में तंबूरा लेकर सुरीली आवाज में गाए उनके भजन धीरे-धीरे लोगों के बीच प्रसिद्ध होने लगे। लोगों से मिलने वाली तारीफों को देख उनके मामा रोहित साहू ने उनके भजनों के वीडियो यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर डालना शुरू किया, जहां भी हजारों की संख्या में लाइक और व्यू के जरिए लोगों ने उन्हें खूब प्यार दिया। सुनील लोधी द्वारा गाए भजनों को देखकर फिल्म हनुमान अंश के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने संपर्क कर मुलाकात की और उनके भजन सुने। उनके द्वारा गाया गया बुंदेलखंड का लोकप्रिय भजन मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान को फिल्म में शामिल किया गया, जिससे उन्हें पूरे देश में प्रसिद्धि मिली और वह रातोंरात स्टार बन गए।
भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान से देशभर में प्रसिद्ध गायक सुनील लोधी खातेगांव पहुंचे

Text Size:
0 Views
What do you think?






