-विशेष ग्राम सभा व जागरूकता गतिविधियों का हुआ आयोजन
-बाल विवाह रोकने हेतु दिलाई सामूहिक शपथ
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर कुमार सत्यम के मार्गदर्शन में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत गुरुवार को जिले भर में व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। जिला कार्यक्रम अधिकारी विवेक शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों व विद्यालयों में बाल विवाह रोकथाम संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से उपस्थित जनसमुदाय, विद्यार्थियों, ग्रामीणों व अन्य हितधारकों को बाल विवाह के दुष्परिणाम, बाल विवाह निषेध अधिनियम एवं बच्चों के अधिकारों के संबंध में जानकारी दी गई तथा बाल विवाह रोकने हेतु सामूहिक शपथ दिलाई गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायतों में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन हेतु जनजागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों व विद्यालयों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से बाल विवाह रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा व स्वास्थ्य तथा उनके उज्जवल भविष्य के महत्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है तथा इसकी रोकथाम के लिए परिवार, समाज, ग्राम पंचायत, विद्यालय एवं प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। बाल विवाह की रोकथाम हेतु जागरूक नागरिकों को आगे आने एवं किसी भी संभावित बाल विवाह की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया गया।






