-नहरों की साफ सफाई नहीं होने से नहरों में पानी की क्षमता में कमी
अनोखा तीर, हरदा। जिले में टेल क्षेत्र के किसानों को नहीं मिल पाया आज तक नहरों का पानी, इससे किसानों की बोनी नहीं हो पाई है। जहां एक तरफ किसानों को सूखे की मार, वहीं दूसरी ओर किसानों को नहरों का पानी भी नहीं मिल रहा है। सिंचाई विभाग की लापरवाही की वजह से समय पर नहरों की साफ सफाई नहीं होने से नहरों में पानी की क्षमता कम हो गई है। नहर में पानी का ओवर फ्लो होकर किसानों के खेतों में व्यर्थ बह रहा है व टेल तक नहीं पहुंच पा रहा है। नदी-नालों में भरपूर पानी व्यर्थ जा रहा है। अधिकांश गांवों में कम बारिश होने की वजह से ट्यूबवेल में पानी खत्म हो गया है, इससे किसानों की फसलें सूख रही हैं। खिरकिया ब्लॉक में कुड़ावा गांव में पानी अभी तक नहीं पहुंचा है एवं पंचोला, रेलवा माइनर में टेल क्षेत्र में भी पानी अभी तक नहीं पहुंच पाया है। इससे जुड़े अनेक गांव हैं, जहां पानी नहीं पहुंचा है। विद्युत विभाग द्वारा भी बिजली की अघोषित कटौती की जा रही है। किसानों को पर्याप्त बिजली दी जाए, साथ ही हरदा जिला सूखा घोषित कर दिया गया है। इसी स्थिति में हरदा जिले में किसानों की सभी प्रकार की वसूली तत्काल रोकी जाए। किसानों को बैंकों से नया ऋण दिया जाए, ताकि किसान आगामी रबी सीजन की खेती किसानी को बचा सकें और किसानों को विशेष राहत पैकेज मिलना चाहिए। किसानों को फसलों का बीमा लाभ भी तत्काल दिया जाए।






