अनोखा तीर, हरदा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश अरविंद रघुवंशी के आदेशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुरेश कुमार रघुवंशी के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी सौरभ कुमार दुबे के मार्गदर्शन में वार्ड क्रमांक 21 में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पैरालीगल वॉलंटियर रेखा विश्नोई द्वारा उपस्थित बच्चों एवं महिलाओं को बाल विवाह निषेध अधिनियम के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा तथा उनके उज्ज्वल भविष्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही बताया गया कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ कानूनन अपराध भी है। बच्चों के सुरक्षित भविष्य और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए बाल विवाह को रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिला बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर रेखा गौर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित बच्चों एवं महिलाओं को बाल विवाह न करने, न करवाने तथा अपने आसपास कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर उसका विरोध करने और संबंधित अधिकारियों को सूचित करने की शपथ दिलाई गई।
बाल विवाह निषेध अधिनियम के प्रति किया जागरूक, दिलाई शपथ






