-हितग्राहियों को मिले योजनाओं के हितलाभ
अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को हरदा विकासखंड के ग्राम हंडिया में क्लस्टर स्तरीय संवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इस दौरान आयोजित उद्यम संवाद में किसानों और स्वसहायता समूह की सदस्यों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। शिविर में हरदा विधायक आरके दोगने, कलेक्टर कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, वनमंडलाधिकारी ज्योति मुड़िया, सीईओ जिला पंचायत नरोत्तम भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा, जनपद सदस्य मंजू प्रभुदयाल धनगर, सरपंच लखनलाल भिलाला सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्य में लापरवाही पर प्रभारी ग्राम पंचायत सचिव का वेतन काटने के निर्देश
शिविर में कलेक्टर कुमार सत्यम ने विभिन्न आवेदकों से प्राप्त आवेदनों की सुनवाई के दौरान कार्य में लापरवाही बरतने पर हंडिया के प्रभारी सचिव नर्मदाप्रसाद धानवे का 15 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
हितग्राहियों को किया हितलाभ का वितरण
शिविर में ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत दो स्वसहायता समूहों को बैंक लिंकेज के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इनमें प्रेरणा आजीविका स्व सहायता समूह हंडिया को 3 लाख रुपये तथा संगम स्वसहायता समूह को 3 लाख रुपये की राशि शामिल है। शिविर में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत श्याम पाल को हार्डवेयर व्यवसाय के लिए 8 लाख रुपये, बिरसामुंडा स्वरोजगार योजना के तहत ज्योति राजकुमार परमार को कपड़ा व्यवसाय हेतु 2.52 लाख रुपये, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के तहत संजय रंगीले को जूता चप्पल व्यवसाय हेतु 50 हजार रुपये, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत हीरालाल रेवाराम को सिंचाई हेतु स्प्रिंकलर के लिए 13306 रुपये तथा शोभाराम जाटव को पावर स्प्रे पंप के लिए 4 हजार 200 रुपये की राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत बालिकाओं मिरहा व काव्या को लाड़ली लक्ष्मी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए, योजनाओं की दी जानकारी
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए। आधार कार्ड पंजीयन, स्वास्थ्य जांच तथा फार्मर आईडी बनाने के लिए राजस्व शिविर भी आयोजित किए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।






