अनोखा तीर, हरदा। स्वामी विवेकानंद कॉलेज हरदा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा जिले के पास ग्राम रूपीपरेटिया में एक दिवसीय जन-जागरूकता एवं नि:शुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। संपूर्ण आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर राजेश कुमार गौर एवं प्रशासनिक अधिकारी व्ही. के. विछोतिया के निर्देशन में एवं एनएसएस इकाई की कार्यक्रम अधिकारी आशा गायकवाड़ के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शिविर के प्रथम चरण में एनएसएस स्वयंसेवकों ने ग्राम में जन-जागरूकता रैली और संवाद कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को नशा मुक्ति एवं बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक बुराइयों के दुष्परिणामों से अवगत कराया। स्वयंसेवकों ने संदेश दिया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि पूरे परिवार के आर्थिक और सामाजिक पतन का कारण भी बनता है। इसके साथ ही बाल विवाह की कुप्रथा पर प्रहार करते हुए ग्रामीणों से आह्वान किया गया कि वे बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता दें, ताकि एक स्वस्थ और समृद्ध समाज का निर्माण हो सके। जन-जागरूकता के साथ-साथ ग्रामीणों के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु स्वास्थ्य विभाग, हरदा के सहयोग से नि:शुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं स्कूल के विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें मौसमी बीमारियों व सामान्य व्याधियों के प्रति आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा मौके पर ही नि:शुल्क प्राथमिक उपचार एवं औषधियों का वितरण किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन एनएसएस प्रभारी आशा गायकवाड़, प्राध्यापक योगेश गौर, मोहनलाल सूर्यवंशी, अंजलि गुप्ता तथा प्रतिष्ठा कुमेकर द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस के स्वयंसेवक अंकिता गायकवाड़, प्रीतम नागोरे, अवंतिका राठौर, तनीषा चौहान, शुभम मंडराई, लेदाराम सोलंकी, सौम्य, प्रीतम, साधना बरैया सहित समस्त छात्र-छात्राओं, स्वास्थ्य कर्मियों में फैसल खान, विजयश्री मीणा, नीरज मालवीय, पारुल काशिव, दीपक गौर, गणेश सराठे तथा स्कूल विभाग से प्रधान पाठक शैलेश गोस्वामी, किशन शितौले, संदीप अग्रवाल और ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
रूपीपरेटिया में जन-जागरुकता एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर संपन्न







