-बच्चों पर मंडरा रहा चोटिल होने का खतरा
-निर्माण के कुछ समय बाद ही उखड़ने लगी टाइल्स, छत से पानी टपकने की भी शिकायत
अनोखा तीर, मसनगांव। ग्राम की इंदिरा आवास कॉलोनी में पंचायत के माध्यम से बनाए गए आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-3 के नए भवन की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। भवन के मुख्य दरवाजे के पास सीढ़ियों पर लगी टाइल्स टूटकर उखड़ने लगी हैं। इससे आंगनबाड़ी आने वाले छोटे बच्चों को सीढ़ियां चढ़ने और उतरने में परेशानी हो रही है। टूटी हुई टाइल्स के नुकीले हिस्सों से बच्चों के चोटिल होने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि भवन का निर्माण होने के कुछ समय बाद ही सीढ़ियों की टाइल्स टूटने और बाहर निकलने लगी थीं। इसके बावजूद अब तक इनकी मरम्मत नहीं कराई गई है। आंगनबाड़ी में छोटे बच्चे नियमित रूप से आते हैं, ऐसे में सीढ़ियों की खराब स्थिति किसी हादसे का कारण बन सकती है। भवन में अन्य समस्याएं भी सामने आ रही हैं। बारिश के दिनों में दीवारों में सीलन आने से उन पर गंदगी और दाग दिखाई देने लगे थे। बाद में रंग-रोगन कर उन्हें सुधारने का प्रयास किया गया, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता से जुड़ी समस्याएं अभी भी बनी हुई हैं। ग्रामीणों के अनुसार भवन की छत से पानी टपकने और कई स्थानों पर टाइल्स टूटने की शिकायत भी है। ग्राम में इंदिरा आवास कॉलोनी स्थित यह एकमात्र आंगनबाड़ी भवन है, जहां बड़ी संख्या में छोटे बच्चे आते हैं। ऐसे में भवन का सुरक्षित और व्यवस्थित होना जरूरी है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से टूटी टाइल्स को तत्काल ठीक कराने, छत पर डेम्प्रूफिंग कराने तथा पूरे भवन की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को किसी दुर्घटना का सामना न करना पड़े।







