Skip to content
Sunday, 29 November 2026
हरदा

सिंचाई परियोजनाओं में अनियमितता की जांच और किसानों को मुआवजे की मांग

2 min read
09 13

-विधायक ने कलेक्टर को लिखा पत्र

अनोखा तीर, हरदा। हरदा विधायक रामकिशोर दोगने ने शहीद ईलाप सिंह माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना एवं गंजाल-मोरण्ड सिंचाई परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे पाइपलाइन बिछाने के कार्य में तकनीकी एवं गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं को लेकर हरदा कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने एवं प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।  विधायक दोगने ने पत्र में लिखा है कि दोनों परियोजनाओं के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी जा रही नालियों एवं गड्ढों की गहराई निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप नहीं रखी जा रही है। साथ ही पाइपों के जोड़ एवं कनेक्शन भी निर्धारित तकनीकी प्रक्रिया के अनुसार नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्य में बरती जा रही लापरवाही से पाइपलाइन की गुणवत्ता एवं भविष्य में सिंचाई व्यवस्था की कार्यक्षमता प्रभावित होने की आशंका है। इसके अतिरिक्त पाइपलाइन बिछाने के दौरान किसानों की निजी कृषि भूमि एवं खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच रहा है, लेकिन प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधायक दोगने ने कलेक्टर से दोनों सिंचाई परियोजनाओं के कार्यों की सक्षम तकनीकी अधिकारियों के माध्यम से स्थानीय एवं निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया है। उन्होंने जांच में नालियों एवं गड्ढों की गहराई, पाइपों के जोड़ एवं कनेक्शन, निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता का परीक्षण कराने की मांग की है। इसके साथ ही प्रभावित किसानों की कृषि भूमि एवं फसलों को हुए नुकसान का राजस्व एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से संयुक्त सर्वे कराकर नियमानुसार मुआवजा राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने को कहा है। विधायक ने कार्य में पाई जाने वाली कमियों एवं अनियमितताओं को तत्काल दुरुस्त कराने, निर्धारित तकनीकी मापदंडों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों एवं अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने की मांग की है।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply