-विद्यार्थियों को दी महत्वपूर्ण जानकारियां
अनोखा तीर, हरदा। अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश अरविंद रघुवंशी के आदेशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सौरभ कुमार दुबे के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा द्वारा विभिन्न विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शासकीय हाई स्कूल मसनगांव, प्राथमिक शाला कामताड़ा, प्राथमिक शाला रोलगांव एवं प्राथमिक शाला रहटा में विद्यार्थियों को विधिक अधिकारों एवं विभिन्न कानूनी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। शिविर के दौरान टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा नि:शुल्क विधिक सहायता योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही पॉक्सो अधिनियम, 2012 एवं बाल अधिकारों के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया गया तथा संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में पैरालीगल वालंटियर रेखा बिश्नोई ने बच्चों को गुड टच एवं बैड टच के बीच का अंतर समझाते हुए बताया कि उन्हें अपने शरीर की सुरक्षा के प्रति जागरूक और सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई अनजान व्यक्ति उन्हें खाने-पीने की कोई वस्तु या अन्य सामान देता है, तो उसे स्वीकार नहीं करना चाहिए। किसी भी व्यक्ति द्वारा गलत तरीके से छूने, डराने, बहलाने या ऐसी कोई बात कहने पर, जिससे उन्हें असहज महसूस हो, बिना डर और झिझक के तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा किसी विश्वसनीय बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को समझाया कि उनकी सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है और किसी भी गलत व्यवहार को चुपचाप सहन करने की आवश्यकता नहीं है। वहीं पैरा लीगल वालंटियर शशिकला नागले ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को शिक्षा का अधिकार, सुरक्षा का अधिकार, समानता का अधिकार तथा सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अधिकार के प्रति जागरूक किया। साथ ही बताया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने और अपने अधिकारों के साथ जीवन जीने का हक है। इन शिविरों के माध्यम से लगभग 300 से 400 विद्यार्थियों तक विधिक जागरूकता एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सुरक्षित रहने के उपाय बताना तथा आवश्यकता पड़ने पर नि:शुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना रहा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक कानून की जानकारी पहुंचाने एवं बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाने का प्रयास निरंतर किया जा रहा है।







