Skip to content
Sunday, 29 November 2026
हरदा

अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस

2 min read
14 12

-जागरुकता संगोष्ठी में विद्यार्थियों को दिलाई शपथ

अनोखा तीर, हरदा। अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर हरदा आदर्श महाविद्यालय, हरदा द्वारा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के संचालक एवं प्राचार्य उमर रऊफ के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक प्राध्यापक गणेश विश्वकर्मा ने की तथा मुख्य वक्ता के रूप में ज्योति विरहा उपस्थित रहीं।  मुख्य वक्ता ज्योति विरहा ने अपने उद्बोधन में बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जागरूकता संबंधी जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वतंत्रता एवं उज्ज्वल भविष्य में बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 की जानकारी देते हुए बताया कि भारत में विवाह की न्यूनतम कानूनी आयु बालिकाओं के लिए 18 वर्ष तथा बालकों के लिए 21 वर्ष निर्धारित है। उन्होंने बाल विवाह की सूचना मिलने पर चुप न रहने तथा संबंधित अधिकारियों को सूचित करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सहायता 112 एवं महिला हेल्पलाइन 181 की जानकारी भी दी। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक महेंद्र सोलंकी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए शिक्षा और जनजागरूकता आवश्यक है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गणेश विश्वकर्मा ने कहा कि बाल विवाह उन्मूलन केवल कानून की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। युवाओं एवं विद्यार्थियों को जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी तपिश सोलंकी ने किया। कार्यक्रम के अंत में तपिश सोलंकी द्वारा उपस्थित सभी प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों को बाल विवाह संरक्षण एवं उन्मूलन के प्रति जागरूकता संबंधी शपथ दिलाई गई। सभी ने बाल विवाह को रोकने, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में रासेयो छात्रा इकाई की कार्यक्रम अधिकारी वाणी धार्मिक ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थियों की सहभागिता रही।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply