-सुबह-शाम बढ़ने लगी ठंड, रजाइयां निकलीं
-रबी फसलों में भी दिखने लगी रौनक
अनोखा तीर, मसनगांव। नवंबर के अंतिम सप्ताह में क्षेत्र में सर्दी ने धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ना शुरू कर दिया है। सुबह और रात के समय हल्की ओस गिरने के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। पिछले तीन-चार दिनों से तापमान में गिरावट महसूस होने के कारण लोग गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को दिन के समय भी गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। आमतौर पर क्षेत्र में नवंबर के पहले सप्ताह से ही सर्दी का असर शुरू हो जाता है, लेकिन इस वर्ष कम बारिश के चलते मौसम का मिजाज बदला हुआ रहा। नवंबर के अधिकांश दिनों में लोगों को पंखे चलाने पड़े। अब बीते चार दिनों से ठंड बढ़ने के साथ ही घरों में पंखे बंद हो गए हैं और रजाइयां भी बाहर निकल आई हैं। लोगों को अब दिसंबर में अच्छी सर्दी पड़ने की उम्मीद है। सर्दी बढ़ने का असर रबी सीजन की फसलों पर भी दिखाई देने लगा है। खेतों में गेहूं और अन्य फसलों में हरियाली बढ़ने लगी है। ग्रामीण सुधीर पाटील का कहना है कि रबी सीजन की फसलों के लिए ठंड बेहद महत्वपूर्ण होती है। पिछले चार दिनों से सर्दी की रफ्तार बढ़ने के साथ ही फसलों में भी रौनक दिखाई देने लगी है। हालांकि इस वर्ष क्षेत्र में रबी फसलों की बुवाई निर्धारित समय से पीछे चल रही है। नहर का पानी देरी से मिलने के कारण किसान अब तक खेतों में बुवाई का काम कर रहे हैं। सामान्य तौर पर 20 नवंबर के आसपास बुवाई पूरी हो जाती थी, लेकिन इस बार दिसंबर तक बुवाई का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। ऐसे में किसानों को अब मौसम के अनुकूल रहने और फसलों की अच्छी बढ़वार की उम्मीद है।







