-यूजर एजेंसी की कमियां दूर कराने में मदद करें डीएफओ
– सिंगरौली और छतरपुर के लंबित मामलों पर प्रमुख सचिव वन राघवेंद्र सिंह की नाराजगी
-छोटी-छोटी आपत्तियों में फाइल उलझाने के बजाय समाधान निकालने के निर्देश
गणेश पांडे, भोपाल। वन विभाग में लंबित फाइलों, राजस्व लक्ष्य की धीमी प्राप्ति, बांस उत्पादन में गिरावट और ऑडिट की लंबित कंडिकाओं को लेकर प्रमुख सचिव वन राघवेंद्र सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि विभागीय कार्यप्रणाली में अनावश्यक अड़चनें अब स्वीकार नहीं होंगी। एफसीए वन संरक्षण अधिनियम के प्रकरणों में छोटी-छोटी कमियां निकालकर यूजर एजेंसी के आवेदन लंबित रखने के बजाय आवेदकों को कमियां दूर कराने में सहयोग किया जाए। सिंगरौली और छतरपुर में लंबित एफसीए मामलों को लेकर प्रमुख सचिव ने विशेष चिंता जताई और सभी डीएफओ को सकारात्मक रवैया अपनाने की हिदायत दी। पिछले दिनों हुई समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से कहा कि एफसीए के मामलों में बार-बार मुख्यालय के अधिकारियों, एचएस मोहंता और उन्हें हस्तक्षेप करना पड़ता है, जो व्यवस्था की कार्यक्षमता पर सवाल खड़े करता है। आवेदन में छोटी खामी होने पर उसे लंबित रखने के बजाय संबंधित यूजर एजेंसी से समन्वय कर सुधार कराया जाए, ताकि विकास और निर्माण से जुड़े प्रस्ताव अनावश्यक रूप से प्रक्रिया में न उलझें। एफसीए मामलों में डीएफओ समाधानकारी भूमिका निभाएं, न कि बाधा बनने वाली।
संदेश साफ है—प्रक्रियागत कमियां बताकर फाइल रोकना प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि कमियों का निराकरण कर प्रस्ताव को आगे बढ़ाना अधिकारियों की जवाबदेही है। प्रमुख सचिव की इस हिदायत के बाद वन मंडलों में एफसीए प्रकरणों की समीक्षा और लंबित प्रस्तावों की गति पर नजर बढ़ने की उम्मीद है। विभागीय स्तर पर यह भी संकेत है कि अधिकारी आवेदनों के निराकरण में सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाएं, जिससे वन भूमि से जुड़े वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विकास परियोजनाओं को अनावश्यक देरी से बचाया जा सके।
एफसीए (वन संरक्षण अधिनियम) के प्रकरणों में छोटी-छोटी कमियां निकालकर यूजर एजेंसी के आवेदन लंबित रखने की प्रवृत्ति पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताई। सिंगरौली और छतरपुर के लंबित मामलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आवेदन में छोटी खामी होने पर फाइल रोकने के बजाय संबंधित एजेंसी से समन्वय कर कमी दूर कराई जाए। एफसीए के मामलों में बार-बार मुख्यालय के अधिकारियों, एचएस मोहंता और उन्हें हस्तक्षेप करना पड़ता है, यह स्थिति ठीक नहीं है। डीएफओ समस्या का समाधान करने वाले अधिकारी बनें, न कि प्रक्रिया में बाधा खड़ी करने वाले।
लक्ष्य अधूरे तो जवाबदेही किसकी?
राजस्व लक्ष्य की धीमी प्राप्ति और बांस उत्पादन में गिरावट भी समीक्षा के केंद्र में रहे। वन विभाग के मैदानी अमले से लेकर वन मंडल स्तर तक योजनाओं के क्रियान्वयन और लक्ष्य हासिल करने की जिम्मेदारी है, लेकिन लक्ष्य और वास्तविक उपलब्धि के बीच अंतर होने पर जवाबदेही तय होना जरूरी है। विभागीय योजनाओं, संसाधनों और मैदानी कार्यों के परिणामों की समीक्षा केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।
ऑडिट की कंडिकाएं आखिर क्यों लंबित?
लंबित ऑडिट कंडिकाओं को लेकर भी अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए। वर्षों तक ऑडिट आपत्तियों का लंबित रहना विभागीय वित्तीय अनुशासन और जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है। इसी तरह पेंशन, अनुकंपा नियुक्ति और विभागीय जांच (डीई) के प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने पर जोर दिया गया, ताकि कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पीएस वन के 5 बड़े संदेश
-एफसीए में छोटी आपत्तियों के नाम पर फाइल नहीं अटके
सिंगरौली और छतरपुर के लंबित प्रकरणों पर चिंता जताते हुए यूजर एजेंसी की कमियां दूर कराने में सहयोग करने के निर्देश। डीएफओ समाधान निकालें, अनावश्यक बाधा न बनें।
राजस्व लक्ष्य और बांस उत्पादन पर जवाबदेही
राजस्व लक्ष्य की धीमी प्राप्ति और बांस उत्पादन में गिरावट को गंभीरता से लेते हुए मैदानी कार्यप्रणाली में सुधार का संदेश। लक्ष्य सिर्फ तय नहीं हों, उपलब्धि भी दिखे।
ऑडिट कंडिकाएं लंबित रखना बंद करें
लंबित ऑडिट आपत्तियों का समयबद्ध निराकरण करें। वित्तीय अनियमितताओं या प्रक्रियागत सवालों पर जवाब देने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की है।
पेंशन और अनुकंपा नियुक्ति में कर्मचारी न भटकें
पेंशन, अनुकंपा नियुक्ति और विभागीय जांच (डीई) के प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने की हिदायत। कर्मचारियों के मामलों में अनावश्यक देरी प्रशासनिक संवेदनशीलता पर सवाल उठाती है।
मुख्यालय के हस्तक्षेप की नौबत क्यों?
एफसीए मामलों में बार-बार एचएस मोहंता और प्रमुख सचिव को हस्तक्षेप करना पड़ने पर नाराजगी। मैदानी अधिकारियों से अपेक्षा कि वे अधिकारों का इस्तेमाल कर स्थानीय स्तर पर समाधान निकालें, हर फाइल मुख्यालय तक न पहुंचे।
एफसीए की फाइलों में अड़ंगेबाजी बर्दाश्त नहीं



