अनोखा तीर, हरदा। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बाल विवाह उन्मूलन अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर 27 नवंबर को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर कुमार सत्यम ने इस संबंध में जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि इन ग्राम सभाओं में बाल विवाह की रोकथाम, उसके दुष्परिणामों, विवाह के लिए निर्धारित न्यूनतम आयु तथा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की जाए। इसके साथ ही जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक कर बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक शपथ दिलाई जाए। इन सभाओं में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्वसहायता समूहों के सदस्यों, किशोर-किशोरियों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों सहित ग्राम समुदाय के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि बाल विवाह के खिलाफ गांव-गांव में एक मजबूत जन-आंदोलन खड़ा हो सके।
बाल विवाह मुक्त होगा जिला, आज हर गांव में होगी विशेष ग्राम सभा






