Skip to content
Friday, 27 November 2026
हरदा

वृद्धाश्रम के सभी पात्र बुजुर्गों को दिलाएं पेंशन

3 min read
17 10

-योजनाओं के लंबित प्रकरण जल्द निपटाएं 
-कलेक्टर ने सामाजिक न्याय, श्रम, जनजातीय कार्य विभाग व अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की समीक्षा की

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर कुमार सत्यम ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सामाजिक न्याय, जनजातीय कार्य, श्रम तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। सामाजिक न्याय विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने उप संचालक को निर्देशित किया कि जिले के वृद्धाश्रम में रह रहे सभी वृद्धजनों की वृद्धावस्था पेंशन की स्थिति की तत्काल जांच की जाए। उन्होंने कहा कि जिन बुजुर्गों को पेंशन नहीं मिल रही है, उनके प्रकरण तुरंत तैयार कर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जाए। कल्याणी विवाह सहायता योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा कर उनका समय सीमा में निराकरण करें। कोई भी आवेदन लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि पेंशन योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। कोई पात्र हितग्राही पेंशन योजना के लाभ से वंचित न रहे। पेंशन योजना से संबंधित लंबित शिकायतों का एक सप्ताह में निराकरण किया जाए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले में समय-समय पर दिव्यांग मेला आयोजित किया जाए तथा हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें आवश्यक सामग्री वितरित की जाए। जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधीनस्थ कार्यालयों में लंबित अंतर्जातीय विवाह योजना के प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने वन अधिकार से संबंधित लंबित दावा प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। वहीं, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने और स्वरोजगार योजनाओं के लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। श्रम विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पीएम श्रम योगी मानधन योजना के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अंत्येष्टी सहायता योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर ने संबल योजना एवं भवन संनिर्माण कर्मकार मंडल के तहत पात्र श्रमिकों के पंजीयन और अनुग्रह सहायता राशि के लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ नरोत्तम भार्गव, अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply