अनोखा तीर, हरदा। संविधान दिवस के अवसर पर प्रयास सामाजिक संस्था हरदा द्वारा शासकीय माध्यमिक शाला रूपीपरेटिया में छात्र-छात्राओं के बीच संविधान दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक अधिकारों, मूल कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता तथा समझ को बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रयास सामाजिक संस्था के सीईओ नीरज रामनारायण गुर्जर उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के समक्ष भारतीय संविधान के निर्माण की अवधारणा और इसके ऐतिहासिक व व्यावहारिक महत्व को सरल भाषा में प्रस्तुत किया।
लोकतंत्र के तीन स्तंभों और मूल कर्तव्यों पर विस्तृत चर्चा
संबोधन के दौरान सीईओ नीरज रामनारायण गुर्जर ने बताया कि भारतीय संविधान को सशक्त और प्रभावी बनाए रखने में लोकतंत्र के तीनों स्तंभों – विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका – की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने इन तीनों अंगों के कार्यक्षेत्र और संतुलन को उदाहरणों के माध्यम से समझाया, ताकि विद्यार्थी शासन और व्यवस्था की बुनियादी कार्यप्रणाली को जान सकें। इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों के मूल कर्तव्यों पर विशेष जोर देते हुए विद्यार्थियों को इनके प्रति सचेत रहने का आह्वान किया। उन्होंने विस्तार से बताया कि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन करना ही एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान है, जिससे समाज और राष्ट्र को मजबूती मिलती है।
उद्देशिका का वाचन और संविधान निर्माण के पहल
आयोजन के दौरान सभी उपस्थितजनों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से संविधान की उद्देशिका का वाचन किया। वक्ताओं ने संविधान निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं को साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार व्यापक विचार-विमर्श और दूरदर्शिता के साथ संविधान तैयार किया गया, जिसने देश को एकता और समानता के सूत्र में पिरोया। प्रयास सामाजिक संस्था हरदा द्वारा संविधान की उद्देशिका का लिखित चित्र भेंट स्वरूप दिया गया, जो कि बच्चों को याद हो सके इस हेतु। कार्यक्रम के अवसर पर शासकीय माध्यमिक शाला रूपीपरेटिया के प्रधान पाठक शैलेश गोस्वामी, शिक्षिका श्रीमती विजया मोघे तथा शिक्षक गणेश बिजघावने, संदीप अग्रवाल और चैतन्य तिवारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संविधान दिवस पर संवैधानिक अधिकारों और मूल कर्तव्यों की समझ बढ़े






