अनोखा तीर, हरदा। जिले के समस्त विज्ञान शिक्षकों ने एकत्रित होकर चार सूत्री मांगों का ज्ञापन जिला शिक्षा अधिकारी के नाम दिया। ज्ञापन में माध्यम से शिक्षकों ने मांग की है कि जिले में संपन्न होने वाली माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा ली जाने वाली कक्षा दसवीं के विज्ञान विषय की प्रायोगिक परीक्षा को केवल विज्ञान विषय के शिक्षकों से ही संपन्न कराया जाए। इसमें गणित विषय के शिक्षकों का समावेश जहां तक संभव हो ना किया जावे, क्योंकि विज्ञान विषय व्यावहारिक और प्रयोगात्मक विषय है।
-परिवहन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला शिक्षिकाओं की ड्यूटी निश्चित करना। कई बार महिला शिक्षिकाओं की ड्यूटी उन केन्द्रों पर लगा दी जाती है जहां पर आने-जाने की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं होती है, इससे उन्हें बहुत सारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विकासखंड स्तर पर नियुक्ति : विज्ञान विषय की प्रायोगिक परीक्षा को संपन्न करने हेतु विज्ञान विषय के शिक्षकों की ड्यूटी यथासंभव अपने ही विकासखंड में लगाने का प्रयास हो, ताकि परीक्षा का कार्य अधिक सुगमता और सरलता से समय पर किया जा सके।
महिला शिक्षिकाओं विशेषकर अधिक आयु वाली महिला शिक्षिकाओं की नियुक्ति पर विशेष ध्यान – प्रायोगिक परीक्षा में परीक्षक के रूप में नियुक्ति के लिए महिला शिक्षिकाओं की नियुक्ति अपने ही विकासखंड और साथ ही पास के केन्द्रों पर की जावे, ताकि उन्हें आवागमन में सुविधा हो। कई बार उन्हें दूरस्थ ग्रामों में जाना पड़ता है, जिसके कारण उन्हें बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
जिले के विज्ञान शिक्षकों ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन






