-जिले में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
-जिले की 20 प्रतिशत शालाओं का होगा सामाजिक अंकेक्षण
अनोखा तीर, हरदा। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से हरदा जिले में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार जिले की कुल शालाओं में से 20 प्रतिशत शालाओं का सामाजिक अंकेक्षण किया जाना है। इस प्रक्रिया के माध्यम से विद्यालयों में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं, मध्यान्ह भोजन, विद्यालय प्रबंधन समिति की भूमिका तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत का परीक्षण किया जाएगा। जिला सामाजिक अंकेक्षण समन्वयक मनीष तंवर ने बताया कि शासन के आदेशानुसार हरदा जिले की 20 प्रतिशत शालाओं में सामाजिक अंकेक्षण किया जाना है। इसके लिए संबंधित कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न हो सके। वहीं, ब्लॉक समन्वयक मुकेश विश्वकर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों का संधारण, विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं का सत्यापन तथा हितग्राहियों एवं अभिभावकों से संवाद स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि सामाजिक अंकेक्षण का मुख्य उद्देश्य समग्र शिक्षा अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति सुनिश्चित करना, विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों एवं सुविधाओं की समीक्षा करना तथा कमियों को चिन्हित कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक सुझाव देना है। इस प्रक्रिया में समुदाय, अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की सहभागिता को भी महत्व दिया जाएगा, जिससे शिक्षा व्यवस्था में जनभागीदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा मिल सके।






