-शहरवासियों में दहशत का माहौल, व्यापारियों में आक्रोश
-चोरी पर लगाम लगाने में नाकाम पुलिस
अनोखा तीर, खरगोन। शहर में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के अलग-अलग इलाकों में दिन और रात दोनों समय चोर सक्रिय नजर आ रहे हैं, लेकिन पुलिस अब तक इन वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम दिखाई दे रही है। लगातार बढ़ती घटनाओं से व्यापारियों और आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
बिस्टान रोड पर बड़ी वारदात
ताजा मामले में नवनीतलाल भंडारी उर्फ लिम्बु सेठ की बिस्टान रोड स्थित थोक किराना दुकान को बदमाशों ने निशाना बनाया। देर रात दो नकाबपोश बदमाश दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे और दुकान में रखी नगदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारिक वर्ग में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। क्षेत्र के व्यापारियों का कहना है कि शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
राधावल्लभ क्षेत्र में भी टूटे कई दुकानों के ताले
इसके पहले राधावल्लभ क्षेत्र में भी कई दुकानों के ताले टूटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस गश्त केवल दिखावा बनकर रह गई है। लगातार वारदातों के बावजूद अपराधियों तक पहुंचने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। शहरवासियों का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि अब भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी वारदात करने से उन्हें डर नहीं लग रहा।
पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे गंभीर सवाल
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद अब पुलिस की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में दिखाई दे रही है। लोगों का कहना है कि आखिर इतनी घटनाओं के बावजूद अपराधियों पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। शहर में यह चर्चा भी आम हो गई है कि अपराध नियंत्रण की बजाय पुलिस व्यवस्था खुद सवालों में घिरती जा रही है।
टीआई के रिलीव नहीं होने पर चर्चा
शहर में यह चर्चा भी जोरों पर है कि थाना कोतवाली के टीआई बनवारीलाल मंडलोई का ट्रांसफर हुए एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक उन्हें रिलीव नहीं किया गया। इसको लेकर आमजन के बीच कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर स्थानांतरण आदेश के बाद भी कार्रवाई लंबित क्यों है।
सख्त कार्रवाई की मांग
लगातार बढ़ती वारदातों से चिंतित व्यापारियों और नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक से शहर में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध तत्वों की धरपकड़ करने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए तो जनता का भरोसा पुलिस व्यवस्था से उठ सकता है।
—————————-

