-कक्षाओं में पहुंचकर शिक्षण व्यवस्था का लिया जायजा
-शिक्षकों को विद्यार्थियों के प्रति समर्पित रहने के दिए निर्देश
अनोखा तीर, हरदा। लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के अपर संचालक मोहन टेटरिया ने हरदा जिले के दौरे के दौरान विभिन्न शासकीय स्कूलों और छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर पढ़ाई में आने वाली परेशानियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टेमागांव स्थित पीएम श्री स्कूल एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पीएम श्री कन्या स्कूल टिमरनी, पीएम श्री स्कूल हंडिया, हायर सेकेंडरी स्कूल हंडिया एवं टिमरनी का दौरा किया। इसके अलावा हरदा में बालक छात्रावास और डॉ. बीआर अंबेडकर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। अपर संचालक ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से शिक्षण कार्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने की समझाइश दी। साथ ही शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों के प्रति समर्पित रहकर उनकी शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को विद्यार्थियों के अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार करने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में मौजूद सुविधाओं, व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों को आ रही समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा संबंधित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।







