Skip to content
Sunday, 22 November 2026
हरदा

दिव्यांगजनों को घर पहुंचकर दी जा रही पुनर्वास सेवाएं, व्हीलचेयर प्रदान कर किया लाभान्वित

2 min read
09 9

-जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की टीम घर-घर पहुंचकर कर रही दिव्यांगजनों का असेसमेंट एवं सहायता

अनोखा तीर, हरदा। दिव्यांगजनों को शासकीय योजनाओं एवं पुनर्वास संबंधी सुविधाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा घर पहुंच सेवा का निरंतर सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस पहल के अंतर्गत जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, हरदा के अधिकारी एवं विशेषज्ञों की टीम दिव्यांगजनों के घर पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं का आकलन कर रही है तथा पात्रतानुसार आवश्यक सहायक उपकरण एवं पुनर्वास संबंधी सेवाएं उपलब्ध करा रही है। इस संबंध में उपसंचालक सामाजिक न्याय कमलेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन की मंशानुसार एवं कलेक्टर सत्यम के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य ऐसे दिव्यांगजन, जिन्हें शारीरिक अथवा अन्य कठिनाइयों के कारण कार्यालय या पुनर्वास केंद्र तक पहुंचने में परेशानी होती है, उन्हें उनके घर पर ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में दिव्यांग यश पिता आनंद उपाध्याय निवासी गली नंबर 3 नेहरू स्टेडियम के सामने हरदा के समस्त दस्तावेजों का परीक्षण पश्चात चिकित्सक की अनुशंसा पश्चात जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की टीम द्वारा उनके निवास पर पहुंचकर उन्हें व्हीलचेयर प्रदान की गई, जिससे उनके दैनिक आवागमन एवं जीवन की गतिविधियों में सुविधा मिल सके। इसी प्रकार रेणु पारे पति प्रवीण पारे निवासी पैरा सिटी कॉलोनी हरदा पर भी जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र विशेषज्ञों द्वारा पहुंचकर उनका आवश्यक असेसमेंट किया गया। विशेषज्ञों ने उनकी शारीरिक एवं पुनर्वास संबंधी आवश्यकताओं का आकलन किया तथा आगामी आवश्यक प्रक्रिया एवं पुनर्वास संबंधी कार्यवाही पूर्ण करने के लिए उन्हें जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में उपस्थित होने हेतु मार्गदर्शन दिया। उपसंचालक सिंह ने बताया कि विभाग का प्रयास है कि जिले का कोई भी पात्र दिव्यांगजन जानकारी के अभाव अथवा आवागमन की असुविधा के कारण शासकीय सुविधाओं और पुनर्वास सेवाओं से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से घर पहुंच सेवा, दिव्यांगजनों का चिन्हांकन, दस्तावेजीकरण, विशेषज्ञों द्वारा असेसमेंट तथा आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया निरंतर संचालित की जा रही है। जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की यह पहल दिव्यांगजनों को केवल सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मानजनक, सुगम एवं आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। विभाग द्वारा आगे भी पात्र दिव्यांगजनों तक घर पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर जारी रखा जाएगा।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply