Skip to content
Sunday, 22 November 2026
हरदा

विकास कार्यों के दोबारा लोकार्पण और शुभारंभ पर विधायक दोगने ने उठाए सवाल

2 min read
08 7

-धनवाड़ा स्वास्थ्य केंद्र और मगरधा में पाइपलाइन कार्य के कार्यक्रमों को बताया अनुचित
-सांसद प्रतिनिधि कमल पटेल पर लगाए श्रेय लेने के आरोप

अनोखा तीर, हरदा। हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने सांसद प्रतिनिधि कमल पटेल द्वारा क्षेत्र में आयोजित किए जा रहे लोकार्पण एवं शुभारंभ कार्यक्रमों पर आपत्ति जताई है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि जिन शासकीय विकास कार्यों का लोकार्पण और शुभारंभ पहले ही मुख्यमंत्री एवं उनकी उपस्थिति में किया जा चुका है, उन्हीं कार्यों के दोबारा कार्यक्रम आयोजित कर राजनीतिक श्रेय लेने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक दोगने के अनुसार, 20 नवंबर को ग्राम धनवाड़ा में शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण तथा 21 नवंबर को ग्राम मगरधा में गंजाल-मोरंड डेम सिंचाई परियोजना की पाइपलाइन बिछाने के कार्य के शुभारंभ का कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने दावा किया कि इन दोनों कार्यों का लोकार्पण एवं शुभारंभ पूर्व में ही मुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विधिवत किया जा चुका है। डॉ. दोगने ने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा की गई है। उनके अनुसार, अधिकारियों ने भी दोनों कार्यों के पूर्व में लोकार्पण एवं शुभारंभ होने की जानकारी दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शासकीय स्तर पर कार्यक्रम पहले ही संपन्न हो चुके हैं, तो दोबारा कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता क्यों पड़ी। विधायक ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में स्वीकृत और संचालित विकास कार्यों का श्रेय लेने के लिए इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्य किसी व्यक्ति विशेष की निजी संपत्ति नहीं होते। इनका उद्देश्य जनता को सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जनप्रतिनिधियों को राजनीतिक श्रेय की होड़ के बजाय विकास कार्यों को समय पर पूरा कराने में सहयोग करना चाहिए। डॉ. दोगने ने प्रशासन से इस तरह के आयोजनों में शासकीय प्रोटोकॉल और प्रशासनिक मर्यादाओं का पालन सुनिश्चित कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच भ्रम की स्थिति नहीं बननी चाहिए और सभी जनप्रतिनिधियों को जनहित को प्राथमिकता देते हुए आपसी समन्वय से काम करना चाहिए।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply