पुलिस का ऑपरेशन प्रहार

-बीहड़ों में 3 करोड़ के गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़
-60 क्विंटल पौधे जब्त
अनोखा तीर, खरगोन। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जड़ों पर कड़ा प्रहार करते हुए खरगोन पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की संयुक्त टीमों ने चैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दो अलग-अलग दुर्गम, पहाड़ी और मोबाइल नेटवर्क विहीन (शैडो एरिया) इलाकों में एक साथ दबिश दी। इस व्यापक छापेमारी में पुलिस ने करीब 3 करोड़ रुपए मूल्य के लहलहाते गांजे के पौधों की विशाल खेप बरामद कर नशा माफियाओं के मंसूबों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। इंदौर जोन (ग्रामीण) के आईजी अनुराग एवं निमाड़ रेंज की डीआईजी सिमाला प्रसाद के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत एसपी रविंद्र वर्मा और एएसपी बिट्टू सहगल ने विशेष रणनीति तैयार की। मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि दुर्गम भौगोलिक स्थिति और नेटवर्क विहीन क्षेत्र का फायदा उठाकर ग्राम जामली और ग्राम गुवाड़ा (ठाटा फलिया) के खेतों में बड़े पैमाने पर गांजे की खेती की जा रही है। इसके बाद चैनपुर, भीकनगांव, बिस्टान, गोगावां थानों और पुलिस लाइन के जवानों को मिलाकर एक संयुक्त टास्क फोर्स गठित की गई। नदी, नाले और पथरीले रास्तों को पार कर जब पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं, तो घने जंगलों और खेतों के सटीक चिन्हांकन के लिए हाई-टेक ड्रोन कैमरों का सहारा लिया गया। ड्रोन फुटेज से पुष्टि होते ही पुलिस बल ने घेराबंदी कर छापेमारी की। पहली कार्रवाई ग्राम जामली में दंगलिया, मधू और सुखलाल के खेतों पर हुई, जहां से 1.88 करोड़ रुपए मूल्य के 9,391 पौधे (वजन 3,765 किलोग्राम) जब्त किए गए। वहीं, दूसरी कार्रवाई ग्राम गुवाड़ा, ठाटा फलिया में जागीर के खेत पर की गई, जहां से 1.10 करोड़ रुपए कीमत के 5,800 पौधे (वजन 2,209 किलोग्राम) बरामद किए गए। नेटवर्क विहीन इलाके में पुलिसकर्मियों को हजारों पौधों को जड़ से उखाड़कर सुरक्षित ले जाने में कई घंटों तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
कार्रवाई का कुल ब्योरा:
कुल जब्त पौधे- 15,191 नग
कुल वजन- 5,974 किलोग्राम (लगभग 59.74 क्विंटल)
अनुमानित कीमत- लगभग रुपए 2,98,70,000 (दो करोड़ अ_ानवे लाख सत्तर हजार रुपए)
दर्ज प्रकरण- 02 (थाना चैनपुर, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट)
नामजद आरोपी- 04 (दंगलिया, मधू, सुखलाल और जागीर)
पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग अपराध (क्र. 311/2026 व 312/2026) पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य तस्करों और खरीदारों की पड़ताल भी की जा रही है।

0 Views

Leave a Reply