-1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली
अनोखा तीर, हरदा। मतदाता सूची में पारदर्शिता और पात्र नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस देशव्यापी स्तर पर वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान चलाएगी। अभियान के तहत 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित की जाएगी। इसे लेकर रविवार को हरदा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला अध्यक्ष मोहन साईं और हेमंत टाले ने पत्रकारवार्ता आयोजित कर अभियान की जानकारी दी। मोहन साईं ने बताया कि अभियान को प्रदेश, जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में हुए बदलावों की जांच, पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने से जुड़े मुद्दों को उठाना है।
मध्य प्रदेश में 34 लाख से अधिक नाम हटने का दावा
कांग्रेस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, एसआईआर से पहले मध्य प्रदेश में 5.74 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत थे। प्रारूप मतदाता सूची में यह संख्या घटकर करीब 5.31 करोड़ रह गई, जबकि अंतिम सूची में 5.39 करोड़ से अधिक मतदाता दर्ज किए गए। पार्टी के अनुसार, पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कुल 34,25,078 नाम हटाए गए। कांग्रेस ने कहा कि नाम हटाने के कारणों की जांच और पात्र मतदाताओं से संबंधित शिकायतों का निराकरण जरूरी है।
25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा अभियान
कांग्रेस जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं तथा बूथ लेवल एजेंटों के बीच समन्वय स्थापित कर अभियान चलाएगी। इस दौरान गांवों में चौपाल, घर-घर संपर्क और संगठनात्मक बैठकों के माध्यम से मतदाता सूचियों की जांच की जाएगी। मतदाताओं की शिकायतें एकत्रित कर सत्यापन किया जाएगा तथा पात्र नागरिकों को नाम जुड़वाने और सूची में त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
नवंबर में दिल्ली कूच की तैयारी
हेमन्त टाले ने बताया कि 1 नवंबर की महारैली में मतदाता सूची में पारदर्शिता, पात्र नागरिकों के मताधिकार और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। अभियान के अगले चरण में 25 और 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर दिल्ली चलो कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इसके तहत मध्य प्रदेश के कार्यकर्ताओं के 25 नवंबर को ग्वालियर में एकत्रित होने और 26 नवंबर को दिल्ली रवाना होने की तैयारी है। कांग्रेस की मांग है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी हो, पात्र नागरिकों को नाम जुड़वाने और आवश्यक सुधार कराने का पर्याप्त अवसर मिले तथा शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जाए। पार्टी ने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र का मूल आधार है और किसी भी पात्र नागरिक को इससे वंचित नहीं किया जाना चाहिए।







