-हरदा नगर की 12 बस्तियों में निकला पथ संचलन
अनोखा तीर, हरदा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के पूर्ण होने एवं 101वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर हरदा नगर की समस्त 12 बस्तियों में अलग-अलग पथ संचलन निकाले गए। सभी स्थानों पर स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में उपस्थित रहे और अनुशासित रूप से कदमताल मिलाकर संचलन किया। नगर के विभिन्न दायित्वों पर कार्यरत कार्यकर्ताओं ने भी इन संचलनों में सहभागिता की। बस्ती रचना के अनुसार आयोजित इन पथ संचलनों की तैयारी कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से कर रहे थे। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संघ के शताब्दी वर्ष के उद्देश्यों, हिंदू समाज के संगठन, अनुशासन एवं व्यक्ति निर्माण के महत्व पर प्रकाश डाला गया। संघ का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित कर गुण-संपन्न एवं संस्कारवान व्यक्तियों का निर्माण करना है। समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए स्वयंसेवकों को अपने आचरण एवं व्यवहार में आदर्श प्रस्तुत करना होगा। संघ कार्य राष्ट्रसेवा, समाज संगठन और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। संघ के 101वें वर्ष में प्रवेश के साथ ही कार्य को और व्यापक बनाने, प्रत्येक बस्ती में सतत संपर्क बढ़ाने, अधिकाधिक स्थानों पर शाखाओं का विस्तार करने तथा समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।







