बूट हाउस में भीषण आग, 18 से 20 लाख का माल खाक

-दमकल कर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा, लंच के समय बंद थी दुकान


अनोखा तीर, नर्मदापुरम। शहर के तारा आहता क्षेत्र स्थित अग्रवाल बूट हाउस में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि महज 30 मिनट के भीतर दुकान में रखा करीब 18 से 20 लाख रुपए का माल जलकर खाक हो गया। गनीमत यह रही कि दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना दोपहर करीब 2.15 बजे की है। दुकान के अंदर आग इतनी तेजी से फैली कि इसका धुआं पूरे बाजार में छा गया। धुआं और आग की लपटें देखकर क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत सतर्कर्ा बरती और ट्रांसफार्मर के पास से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने तुरंत शटर का ताला तोड़ा और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। दमकल पायलट मुक्कदर खान और फायरमैन कैलाश, सुरजीत राजपूत, उमेश कुमार तथा दीपक कुमार की टीम ने तत्परता से काम करते हुए  20 से 30 मिनट के अंदर आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।
लंच पर गए थे संचालक
अग्रवाल बूट हाउस के प्रोपराइटर सक्षम अग्रवाल ने बताया कि वह दोपहर के समय दुकान में ताला लगाकर घर पर भोजन करने गए हुए थे। इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि दुकान में आग लग गई है। सक्षम के अनुसार, उनकी दुकान होलसेल जूतों की थी, जिसमें करीब 18 से 20 लाख रुपए का माल रखा हुआ था, जो इस अग्निकांड में जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया है।

4 Views

Leave a Reply