पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, राजस्व सेवाएं हुईं प्रभावित

अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर सोमवार से प्रदेशभर के पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। आंदोलन के तहत पहले दिन पटवारियों ने अपने बस्ते एवं शासकीय रिकॉर्ड संबंधित कार्यालयों में जमा करा दिए। मंगलवार को हरदा कृषि उपज मंडी परिसर में जिले के 226 हल्कों के 160 पटवारी धरने पर बैठे। हड़ताल के कारण राजस्व विभाग की ऑनलाइन एवं मैदानी सेवाएं प्रभावित होने लगी हैं। पटवारी राजेश वर्मा ने बताया कि अनिश्चितकालीन हड़ताल से पहले पटवारियों ने काली पट्टी बांधकर काम किया था। इसके साथ ही व्हाट्सएप ग्रुप और ऑनलाइन सेवाओं का भी बहिष्कार किया गया। शासन स्तर पर मांगों पर निर्णय नहीं होने के बाद हड़ताल शुरू की गई है, जो मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी। पटवारी संघ के प्रांतीय संवाद समिति अध्यक्ष राजीव जैन ने बताया कि हड़ताल के चलते ई-टोकन, वेब जीआईएस, सारा पोर्टल-ऐप, आरसीएमएस, पीएम किसान सम्मान निधि सत्यापन, खसरा-खतौनी एवं फार्मर रजिस्ट्रेशन जैसे ऑनलाइन कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, गिरदावरी, अतिक्रमण संबंधी कार्रवाई तथा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण पर भी असर पड़ा है, जिससे किसानों एवं आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पटवारी संघ के अभिषेक मिश्रा ने कहा कि पटवारियों को लगातार नए कार्य सौंपे जा रहे हैं, लेकिन पदोन्नति एवं वेतनमान से जुड़ी वर्षों पुरानी मांगें अब भी लंबित हैं। उन्होंने शासन से कर्मचारियों एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

2 Views

Leave a Reply