– नशामुक्त समाज का लिया संकल्प
अनोखा तीर, हरदा। देवास जिले के खातेगांव में कर्तव्य निर्वहन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी की स्मृति में नगर के नेहरू स्टेडियम में नशा मुक्ति अभियान के तहत श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें 300 से अधिक नागरिकों ने शामिल होकर शहीद को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। सभा में शहर के नागरिकों, माताओं और बहनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। साथ ही नशा मुक्ति अभियान से जुड़कर जनजागरण की मुहिम को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने कहा कि शहीद दिलीप पुरी का त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी कर्तव्यनिष्ठा सदैव समाज को प्रेरित करती रहेगी। श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से शहीद को नमन करने के साथ ही स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।







