– 6 परियोजनाओं का राज्य स्तर के लिए चयन
अनोखा तीर, हरदा। 32वें राष्ट्रीय बाल विज्ञान सम्मेलन का जिला स्तरीय आयोजन बुधवार को नगर के डॉ. भीमराव अंबेडकर उत्कृष्ट विद्यालय में संपन्न हुआ। इस वर्ष सम्मेलन का मुख्य विषय ‘सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार रखा गया। आयोजन में जिले के लगभग 30 विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपने शोधपत्र और वैज्ञानिक परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। इनमें से छह सर्वश्रेष्ठ परियोजनाओं का चयन राज्य स्तरीय सम्मेलन के लिए किया गया। चयनित परियोजनाओं में गौरव बिनाके एवं साथियों सरस्वती शिशु मंदिर, टिमरनी की जल संरक्षण, उपयोग एवं पुनर्चक्रण, मुस्कान एवं साथियों शासकीय सांदीपनि स्कूल करताना की लेंटाना घास के अपशिष्ट का उपयोग, अमन एवं साथियों शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय टिमरनी की नरवाई से स्ट्रॉ निर्माण, कामिनी गौर एवं साथियों शासकीय पीएमश्री स्कूल खिरकिया की नरवाई से पैकेजिंग सामग्री तैयार करने तथा स्वयं कुशवाह एवं साथियों सरस्वती विद्या मंदिर टिमरनी की क्लीन एनर्जी सिटी परियोजना शामिल हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिपं उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत रहे। विशेष अतिथि के रूप में टिमरनी कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. सिकरवार उपस्थित रहे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से श्री महाजन, जिला विज्ञान शिक्षण अधिकारी योगेंद्र ठाकुर एवं विद्यालय के प्राचार्य सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। परियोजनाओं का मूल्यांकन मनीष परसाई, डॉ. अंजली झिझोटिया, डॉ. रोडगे, डॉ. सुनील बौरासी, डॉ. रुचि नंदरवार एवं डॉ. राजू पिपरदे ने किया। कार्यक्रम का संचालन हरीश सिसोदिया ने किया।







